India Pakistan Tension: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े प्रतिबंध लगाए और लगातार कार्रवाई जारी है। इस बीच, बांग्लादेश के एक पूर्व सैन्य अधिकारी ने विवादित बयान दिया। बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुखिया मोहम्मद यूनुस के करीबी एएलएम फजलुर रहमान ने कहा कि अगर भारत ने पाकिस्तान पर हमला किया तो ढाका को चीन के साथ मिलकर नॉर्थ ईस्ट पर कब्जा कर लेना चाहिए।
क्या है पूरा मामला?
बांग्लादेश के रिटायर्ड मेजर जनरल एएलएम फजलुर रहमान ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक पोस्ट में लिखा कि हमें चीन के साथ ज्वाइंट मिलिट्री सिस्टम को लेकर बातचीत शुरू करनी चाहिए। मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम सरकार ने दिसंबर 2024 में फजलुर रहमान को राष्ट्रीय स्वतंत्र आयोग के अध्यक्ष नियुक्त किया था।
हालांकि, बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने फजलुर रहमान के हालिया बयानों से खुद को अलग करते हुए कहा कि उनके बयान सरकार की नीतियों को नहीं दर्शाते हैं और सरकार इस तरह की बयानबाजी का समर्थन नहीं करती है।
2009 के बांग्लादेश राइफल्स (BDR) हत्याकांड की जांच कर रहे फजलुर रहमान का बयान ऐसे समय पर आया जब पिछले साल अगस्त में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद बांग्लादेश के भारत के साथ संबंधों में खटास आई है। विदेश मंत्रालय ने कहा कि बांग्लादेश संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता, आपसी सम्मान और सभी देशों के शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व के सिद्धांतों के लिए दृढ़ता से प्रतिबद्ध है।
पहलगाम में आतंकियों ने की अंधाधुंध गोलीबारी
पहलगाम की बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को आंतकवादियों ने पर्यटकों को निशाना बनाकर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई जिसमें एक नेपाली नागरिक भी शामिल था, जबकि कई अन्य भी घायल हो गए।
