Iran US Ceasefire: अमेरिका-ईरान के बीच हुए सीजफायर के बाद फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों भी एक्टिव हुए हैं। उन्होंने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और अमेरिकी प्रेसिडेंट डोनाल्ड ट्रंप से बात की है। मैक्रों ने एक्स पर इसकी जानकारी दी है। मैक्रों ने कहा, आज मैंने ईरानी राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से बात की। मैंने दोनों से कहा कि युद्धविराम स्वीकार करने का उनका फैसला सर्वोत्तम संभव निर्णय था।
मैक्रों ने की पेजेश्कियान और ट्रंप से बात
मैक्रों ने कहा, मैंने उम्मीद जताई कि लेबनान सहित सभी संघर्ष क्षेत्रों में, सभी पक्ष युद्धविराम का पूर्णतः सम्मान करेंगे। यह युद्धविराम की विश्वसनीयता और स्थायित्व के लिए एक आवश्यक शर्त है। इससे मध्य पूर्व में सभी की सुरक्षा सुनिश्चित करने में सक्षम व्यापक वार्ताओं का मार्ग प्रशस्त होना चाहिए।
उन्होंने कहा, किसी भी समझौते में ईरान के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों, उसकी क्षेत्रीय नीति और होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन को बाधित करने वाली उसकी कार्रवाइयों से उत्पन्न चिंताओं का समाधान करना होगा। इसी प्रकार, इसमें योगदान देने में सक्षम सभी लोगों के समर्थन से एक मजबूत और स्थायी शांति का निर्माण किया जा सकता है। फ्रांस मध्य पूर्व में अपने सहयोगियों के साथ घनिष्ठ समन्वय में अपनी पूरी भूमिका निभाएगा। आज कतर, संयुक्त अरब अमीरात, लेबनान और इराक के नेताओं के साथ हुई मेरी बातचीत में भी मैंने इसी विषय पर चर्चा की।
ईरान - अमेरिका युद्धविराम
ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच करीब 39 दिनों से चला आ रहा युद्ध फिलहाल थम गया है। अमेरिका-ईरान के बीच दो सप्ताल के लिए युद्धविराम पर समझौता हो गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को घोषणा की कि अमेरिका, ईरान पर किसी भी हमले को दो सप्ताह के लिए रोक देगा। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर यह फैलसा अपनी कार्रवाई के लिए तय 48 घंटे की समय सीमा समाप्त होने से लगभग 1.5 घंटे पहले साझा किया।
अपनी पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि यह समझौता दोतरफा युद्धविराम का हिस्सा होगा। उन्होंने इस निर्णय को इस शर्त से जोड़ा कि ईरान को होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह से फिर से खोलना होगा, जो तेल और गैस शिपमेंट के लिए दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण मार्गों में से एक है। हालांकि, ईरान ने घटनाओं का एक अलग तरीके से पेश किया। देश की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने कहा कि वह युद्धविराम के लिए सहमत है लेकिन उसने होर्मुज शर्त के बारे में ट्रंप के दावे को खारिज कर दिया।
