Hormuz Tensions Rise: इस्लामाबाद में चल रही अमेरिका ईरान शांति वार्ता के बीच शनिवार को होर्मुज स्ट्रेट में तनाव अपने चरम पर पहुंच गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अमेरिका का एक विध्वंसक युद्धपोत होर्मुज की ओर बढ़ रहा था, लेकिन ईरान की चेतावनी के बाद उसे वापस लौटना पड़ा।
ईरान की चेतवनी के बाद बदला माहौल
रूसी मीडिया आरटी ने ईरानी समाचार एजेंसी तसनीम न्यूज के हवाले से बताया कि ईरान ने अमेरिकी युद्धपोत को 30 मिनट के भीतर हमले की चेतावनी दी, जिसके बाद युद्धपोत ने अपना रास्ता बदल दिया। रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान ने पाकिस्तानी मध्यस्थतों से कहा कि यदि अमेरिकी युद्धपोत आगे बढ़ता है तो उसे 30 मिनट के भीतर निशाना बनाया जाएगा और वार्ता पर भी इसका असर पड़ सकता है।
अमेरिकी दावे को ईरान ने किया खारिज
ईरान ने दावा किया कि होर्मुज से अमेरिका का कोई भी जहाज नहीं गुजरा है। ईरान के सरकारी प्रसारक ने एक वरिष्ठ सैन्य अधिकारी के हवाले से यह दावा किया। ईरान का यह बयान ऐसे समय पर आया जब कई अमेरिकी रिपोर्ट में कहा गया कि अमेरिकी नौसैनिक के कई जहाज इस रास्ते से गुजरे हैं।
अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद से ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट पर अपना नियंत्रण स्थापित कर रखा है। पश्चिम एशिया में युद्ध की शुरुआत से इस रास्ते से अमेरिका और इजरायल के जहाजों को गुजरने की अनुमति नहीं है। हालांकि, अन्य देशों के लिए ईरान ने रास्ता खोल रखा है, लेकिन चुनिंदा जहाज ही यहां से निकलते हैं। हाल ही में एक रिपोर्ट सामने आई थी जिसमें बताया गया था कि होर्मुज स्ट्रेट के आखिर किस इलाके से जहाज निकल सकते हैं, क्योंकि अन्य जगहों पर बारूदी सुरंगें बिछी हुई हैं।
'ईरान का नेतृत्व हो चुका है खत्म'
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर एक पोस्ट में दावा किया कि ईरान का नेतृत्व खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा, ''फ़ेक न्यूज़ मीडिया या तो पागल है, या फिर पूरी तरह से भ्रष्ट! अमेरिका ने ईरान की सेना को पूरी तरह से तबाह कर दिया है, जिसमें उनकी पूरी नौसेना, वायुसेना और बाकी सब कुछ शामिल है। उनका नेतृत्व खत्म हो चुका है!''
