इजराइल और हिज्बुल्लाह के बीच जंग अब और तेज होती दिख रही है। एक तरफ इजराइल लेबनान में हमले कर रहा है तो दूसरी ओर लेबनान साइड से हिज्बुल्लाह भी बड़ा पलटवार कर रहा है। हिज्बुल्लाह ने रविवार को इजराइल पर कई ड्रोन हमले किए, जिसमें 4 इजराइली सैनिकों की मौत हो गई है, जबकि 60 लोग घायल हो गए हैं।
हिज्बुल्लाह ने आर्मी बेस को बनाया निशाना
इज़रायली रक्षा बलों ने ट्वीट कर इस हमले के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि कल हिज़्बुल्लाह आतंकवादी संगठन द्वारा लॉन्च किए गए एक यूएवी ने एक आर्मी बेस को निशाना बनाया। इस घटना में 4 आईडीएफ सैनिक मारे गए। आईडीएफ शोक संतप्त परिवारों के दुख में शामिल है।
बिनयामीना शहर पर ड्रोन हमला
इजराइली बचाव सेवा ने कहा कि बिनयामीना शहर में हुए ड्रोन हमले में लगभग 60 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर है। लेबनान के चरमपंथी समूह हिज्बुल्लाह ने हमले की जिम्मेदारी ली है। इजराइली मीडिया ने बताया कि रविवार को लेबनान से दो ड्रोन दागे गए। इजराइली सेना का कहना है कि एक ड्रोन को मार गिराया गया। यह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घायलों में शामिल लोग आम नागरिक हैं या सैनिक।
हिज्बुल्लाह लगातार कर रहा है पलटवार
हिज्बुल्लाह ने एक बयान में कहा कि उसने बृहस्पतिवार को बेरूत में इजराइल की ओर से किए गए दो हमलों के जवाब में इजराइल की सेना के एक प्रशिक्षण शिविर को निशाना बनाया। पिछले दो दिन में यह दूसरी बार है जब इजराइल में ड्रोन से हमला किया गया।
