दुनिया

हसन नसरल्लाह का 23 फरवरी को फिर होगा अंतिम संस्कार, हिजबुल्लाह ने किया ऐलान

27 सितंबर 2024 को दक्षिणी बेरूत में कई इमारतों पर इजरायली हवाई हमलों में नसरल्लाह की मौत हो गई थी। अंतिम संस्कार जुलूस हिजबुल्लाह के एक अन्य मारे गए आतंकी सरगना हशेम सफीद्दीन के लिए भी होगा...

Image

हसन नसरल्लाह

Photo : AP

Funeral Of Hassan Nasrallah: लेबनानी हिजबुल्लाह समूह ने ऐलान किया है कि उसके नेता हसन नसरल्लाह का अंतिम संस्कार 23 फरवरी को होगा। दक्षिणी बेरूत उपनगर में इजरायली हवाई हमलों मे हसन नसरल्लाह की मौत के महीनों बाद हिजबुल्लाह ने ये ऐलान किया। हिजबुल्लाह के नए नेता नईम कासेम ने पहले से रिकॉर्ड किए गए भाषण में हसन नसरल्लाह के संबंध में यह घोषणा की। अमेरिका की मध्यस्थता में हुए युद्धविराम समझौते के कुछ दिनों बाद हिजबुल्लाह ने ये घोषणा की है, जिसके तहत 18 फरवरी तक लेबनानी आतंकवादी समूह और इजराइल के बीच युद्ध पर रोक लगी थी।

इजरायली हवाई हमलों में नसरल्लाह की मौत

27 सितंबर 2024 को दक्षिणी बेरूत में कई इमारतों पर इजरायली हवाई हमलों में नसरल्लाह की मौत हो गई थी। जब हमला हुआ तो नसरल्लाह हिजबुल्लाह के युद्ध संचालन कक्ष के अंदर था।अंतिम संस्कार जुलूस हिजबुल्लाह के एक अन्य मारे गए आतंकी सरगना हशेम सफीद्दीन के लिए भी होगा, जिसे नसरल्लाह के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता था। नसरल्लाह ने 1992 से हिजबुल्लाह का नेतृत्व किया था और उसे आतंकी संगठन के लिए एक परिवर्तनकारी नेता के रूप में देखा जाता था।

इजरायली सैनिक लेबनान में मौजूद

इजरायली सैनिक अभी भी दक्षिणी लेबनान के कुछ हिस्सों में मौजूद हैं, जहां युद्धविराम समझौते के तहत उन्हें धीरे-धीरे पीछे हटना है, जबकि लेबनानी सैनिकों के तितर-बितर होने के कारण हिजबुल्लाह के आतंकवादी लितानी नदी के उत्तर में वापस चले गए। उन गांवों के निवासी हिजबुल्लाह के झंडे लहरा कर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं और इजरायली सैनिकों के साथ मोर्चा ले रहे हैं, जिसकी कासेम ने प्रशंसा की है।

प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी

वहीं, रविवार को इजरायली बलों ने यारून और कफर किला के दक्षिणी गांवों में प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए गोलीबारी की। लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय ने किसी के हताहत होने की घोषणा नहीं की। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, पिछले सप्ताह इजरायली सैनिकों द्वारा की गई गोलीबारी में 24 प्रदर्शनकारियों की मौत हो गई थी। युद्ध में हिजबुल्लाह की सैन्य क्षमताओं को बड़े पैमाने पर नष्ट करने के बावजूद इजराइल का कहना है कि उसे सुरंग नेटवर्क सहित हिजबुल्लाह के सैन्य बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के लिए देश में लंबे समय तक रहने की जरूरत है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article