दुनिया

US News: न्यूयॉर्क में हेलीकॉप्टर हुआ क्रैश, तीन बच्चों सहित 6 लोगों की दर्दनाक मौत

Helicopter Crashes In New York: न्यूयॉर्क के हडसन नदी में एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने से 3 बच्चों सहित 6 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।

Image

न्यूयॉर्क में हेलीकॉप्टर हुआ क्रैश, 6 लोगों की हुई मौत

Photo : Twitter

Helicopter Crashes In New York: न्यूयॉर्क में पर्यटन में इस्तेमाल होने वाला एक हेलीकॉप्टर बृहस्पतिवार को उड़ान के दौरान हवा में ही टूटकर दोफाड़ हो गया और हडसन नदी में जा गिरा जिससे उसमें सवार पायलट और स्पेन के पांच पर्यटकों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। जांच से जुड़े एक अधिकारी ने बताया कि मृतकों में पायलट के अलावा जानी मानी कंपनी सीमेंस के कार्यकारी अधिकारी ऑगस्टिन एस्कोबार, उनकी पत्नी मर्स कैम्परुबी मोंटाल और तीन बच्चे शामिल हैं।

हेलीकॉप्टर अनियंत्रित रूप से घूम रहा था- प्रत्यक्षदर्शी

हेलीकॉप्टर कंपनी की वेबसाइट पर जारी की गई तस्वीरों में दंपति और उनके बच्चे हेलीकॉप्टर में सवार होते समय मुस्कुराते हुए दिखाई दे रहे हैं। न्यूयॉर्क के मेयर एरिक एडम्स ने कहा कि शवों को पानी से निकाल लिया गया है। हेलीकॉप्टर ने मैनहट्टन में उत्तर की ओर और फिर स्टैच्यू ऑफ लिबर्टी की ओर 18 मिनट से भी कम समय तक उड़ान भरी। दुर्घटना के कुछ वीडियो सामने आए हैं जिनमें हेलीकॉप्टर के कुछ हिस्से हवा में उछलकर जर्सी सिटी, न्यू जर्सी के तट के पास पानी में गिरते हुए दिखाई दिए। वहां मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ब्रूस वॉल ने बताया कि उसने विमान को हवा में ही टूटकर दोफाड़ होते हुए देखा, जिसमें ‘टेल’ और ‘प्रोपेलर’ अलग हो गए।

न्यू जर्सी के होबोकेन में नदी के किनारे स्थित एक रेस्तरां की संचालिका लेस्ली कैमाचो ने बताया कि हेलीकॉप्टर अनियंत्रित रूप से घूम रहा था और पानी में गिरने से पहले उसमें से धुआं निकल रहा था। अधिकारियों ने बताया कि उड़ान का संचालन न्यूयॉर्क हेलीकॉप्टर्स करता है। न्यूयॉर्क और न्यू जर्सी में कंपनी के कार्यालयों में संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन वहां से कोई उत्तर नहीं मिला।

हेलीकॉप्टर की पहचान ‘बेल 206’ के रूप में हुई

कंपनी के मालिक माइकल रोथ ने ‘न्यूयॉर्क पोस्ट’ को बताया कि वह बेहद दुखी हैं और उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं है कि दुर्घटना क्यों हुई। संघीय उड्डयन प्रशासन ने हेलीकॉप्टर की पहचान ‘बेल 206’ के रूप में की है। इस मॉडल के हेलीकॉप्टर का वाणिज्यिक और सरकारी तौर पर व्यापक रूप से इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा पर्यटन कंपनियां, टीवी चैनल और पुलिस बल में भी इस मॉडल के हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल किया जाता है। राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड ने कहा कि वह दुर्घटना मामले की जांच करेगा।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article