Helicopter crash in Los Angeles- लास एंजिल्स में मंगलवार को एक दर्दनाक दुर्घटना में एक हेलीकॉप्टर पार्किंग लॉट में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा उसी दिन शहर में हुए एक अन्य भीषण बस हादसे के स्थान के पास ही हुआ। लास एंजिल्स फायर डिपार्टमेंट (LAFD) के प्रवक्ता कैप्टन ब्रैंडन सिल्वरमैन के अनुसार हेलीकॉप्टर एक बड़ी एक-मंजिला इमारत के पार्किंग लॉट में खड़े वाहनों के ऊपर या उनके ठीक पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
लॉस एंजिल्स में हेलिकॉप्टर क्रैश
चार गाड़ियों और दो स्टोरेज कंटेनरों में आग लगी
हादसे के कारण पार्किंग में खड़ी चार गाड़ियों और दो स्टोरेज कंटेनरों में आग लग गई, जिसे मंगलवार शाम तक बुझा लिया गया। हेलीकॉप्टर पूरी तरह से मलबे में तब्दील हो चुका है। हादसे में कम से कम तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। कम से कम एक व्यक्ति की मौत पार्किंग लॉट में बाहर रहने के दौरान हुई। बचाव दल मलबे को हटाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि दुर्घटना के वक्त हेलीकॉप्टर के अंदर कुल कितने लोग सवार थे। हादसे की जगह पर 50 से अधिक दमकलकर्मियों ने राहत और बचाव कार्य चलाया।
जांच एजेंसियों का कदम
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) और फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है। हेलीकॉप्टर क्रैश से कुछ ही समय पहले शहर में एक और भयानक सड़क हादसा हुआ था। एक तेज रफ्तार SUV कार एमटीए (MTA) सिटी बस के किनारे से जा टकराई, जिससे SUV का आधा हिस्सा बस में जा घुसा। इस सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई थी और छह अन्य लोग घायल हो गए थे।
