दुनिया

सीजफायर को और आगे बढ़ाना चाहता है हमास, मध्यस्थता की कोशिशें तेज, इजराइली बंधकों का तीसरा बैच रिहा

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 27, 2023, 10:02 AM IST

फिलीस्तीनी सूत्रों ने कहा है कि मौजूदा इजरायल-हमास मानवीय संघर्ष विराम को आगे बढ़ाने के लिए मध्यस्थता के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Image

इजराइल-हमास युद्धविराम

Photo : AP

Israel Hamas Ceasefire: इजराइल के साथ चल रहे चार दिन के सीजफायर को हमास आगे बढ़ाना चाहता है। दोनों ओर से बंधकों की रिहाई के बीच हमास ने इसके साफ संकेत दिए हैं। हमास ने रविवार को कहा कि वह इजरायल के साथ अपने चार दिवसीय संघर्ष विराम को बढ़ाना चाहता है। युद्धविराम समझौते के तहत रविवार को फिलिस्तीनी आतंकवादी समूह ने चार साल की इजरायली-अमेरिकी बच्ची सहित 17 और बंधकों को रिहा कर दिया। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, एक बयान में हमास ने कहा कि अगर इजरायल अधिक फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करने के लिए गंभीर प्रयास करता है तो संघर्ष विराम को बढ़ाया जा सकता है।

17 बंधकों को किया रिहा

रेड क्रॉस की अंतर्राष्ट्रीय समिति के अनुसार, 17 बंधकों जिनमें 13 इजरायली, तीन थाई और एक रूसी शामिल थे, उन्हें हमास ने रिहा कर दिया। उधर, इजराइल ने 39 फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा किया जिनका वेस्ट बैंक की राजधानी रामल्लाह में भव्य स्वागत किया गया। 17 बंधकों में से चार साल की अबीगैल एडन रिहा होने वाली पहली अमेरिकी बंदी थी। 7 अक्टूबर को इजराइल पर हमास के हमले के दौरान एडन के माता-पिता की हत्या कर दी गई थी और उसका अपहरण कर लिया गया था।

मध्यस्थता के प्रयास तेज

फिलीस्तीनी सूत्रों ने कहा है कि मौजूदा इजरायल-हमास मानवीय संघर्ष विराम को आगे बढ़ाने के लिए मध्यस्थता के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। नाम न बताने की शर्त पर फिलिस्तीनी सूत्रों ने श‍िन्हुआ समाचार एजेंसी को बताया, कतर और मिस्र ने इजरायल और हमास को एक मसौदा समझौते से अवगत कराया है। इसका लक्ष्य मौजूदा चार दिवसीय संघर्ष विराम को बढ़ाना और दोनों पक्षों के बीच बड़े पैमाने पर कैदियों की अदला-बदली को सुविधाजनक बनाना है। सूत्रों ने कहा कि चर्चा में गाजा में 40 से 50 बंदियों की रिहाई, मानवीय संकट को कम करने के लिए एन्क्लेव में मानवीय सहायता में बढ़ोतरी शामिल है।

हमास ने सीजफायर बढ़ाने की दिखाई इच्छा

कतरी-मिस्र प्रस्ताव को लेकर हमास ने शुरुआती इच्छा दिखाई है। रविवार रात समूह के एक प्रतिनिधि के एक बयान के अनुसार, हमास संघर्ष विराम को चार दिनों से आगे बढ़ाने की मांग कर रहा है, जिस पर शुरुआत में इज़राइल के साथ सहमति बनी है। इस बीच, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि अगर हमास अधिक बंधकों को मुक्त करता है, तो वह हमास के साथ युद्धविराम को कुछ दिनों के लिए बढ़ाने पर सहमत हो सकते हैं।

50 के बदले 150 बंधकों को रिहा करने का फॉर्मूला

गौरतलब है कि गाजा पट्टी में अस्थायी संघर्ष विराम रविवार को तीसरे दिन में प्रवेश कर गया। संघर्ष विराम समझौते में इजरायली जेलों से 150 फिलिस्तीनी महिलाओं और बच्चों को रिहा करने के बदले में गाजा से 50 इजरायली बंधकों की रिहाई का प्रावधान है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article