दुनिया

Israel-Hamas Conflict: मारा गया हमास चीफ सिनवार? इजरायल ने किया बड़ा दावा; DNA रिपोर्ट में होगा खुलासा

Israel-Hamas Conflict: हमास के चीफ सिनवार की मौत की पुष्टि के लिए इजरायल शव का डीएनए परीक्षण करा रहा है। इजराइल की सेना ने कहा कि गाजा तीन आतंकवादी मारे गए। हालांकि, तीनों की पहचान की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, इजरायल के पीएम ने सिनवार की मौत की पुष्टि की है।

Image

हमास चीफ सिनवार की फोटो

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

गाजा पट्टी: इजराइल की सेना ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह इस बात की जांच कर रही है कि क्या गाजा में सैन्य अभियान में हमास के शीर्ष नेता याह्या सिनवार की मौत हो गई। अधिकारी यह पता लगाने के लिए शव का डीएनए परीक्षण करा रहे हैं कि क्या यह सिनवार का है। इजराइल की सेना ने एक बयान में कहा कि गाजा में अभियान के दौरान तीन आतंकवादी मारे गए, लेकिन उसने इस बारे में विस्तार से कुछ नहीं बताया। सेना ने कहा कि तीनों की पहचान की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वह इस संभावना की जांच कर रही है कि क्या उनमें से एक सिनवार था। हालांकि, इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू सिनवार की मौत की पुष्टि कर रहे हैं।

गाजा पट्टी के अंदर हमास का बड़ा नेटवर्क

इजराइल के सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि शव के परीक्षण से अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि क्या यह सिनवार का है। सिनवार सात अक्टूबर, 2023 को इजराइल पर हमास के हमले के मुख्य साजिशकर्ताओं में से एक था और इजराइल ने गाजा में अपने जवाबी अभियान की शुरुआत से ही उसे खत्म करने का संकल्प ले रखा है। पूरे युद्ध के दौरान, सिनवार सार्वजनिक रूप से कभी सामने नहीं आया। अगर, सिनवार की मौत की पुष्टि हो जाती है, तो यह चरमपंथी समूह के लिए एक बड़ा झटका हो सकता है। वह वर्षों से गाजा पट्टी के अंदर हमास का शीर्ष नेता रहा है, जो इसकी सैन्य शाखा का गठन करते हुए इससे निकटता से जुड़ा हुआ था।

अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन को दी गई सूचना

जुलाई में ईरान की राजधानी तेहरान में इजराइल के हमले में इस्माइल हानिया की हत्या के बाद सिनवार को समूह के शीर्ष नेता के रूप में चुना गया था। इजराइल ने हमास की सैन्य शाखा के प्रमुख मोहम्मद दीफ को भी हवाई हमले में मारने का दावा किया है, लेकिन समूह ने कहा है कि वह बच गया। एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन को घटनाक्रम के बारे में अवगत कराया है। अमेरिकी अधिकारी बृहस्पतिवार सुबह से ही इजराइली अधिकारियों के साथ संपर्क में हैं।

इजराइली सेना का उत्तरी गाजा पर अटैक

इजराइली सेना ने उत्तरी गाजा के जबालिया शरणार्थी शिविर पर एक सप्ताह से अधिक समय से हवाई और जमीनी हमला जारी रखा है। सेना ने बृहस्पतिवार को अबू हुसैन स्कूल पर हमला किया। गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक विस्थापित फलस्तीनी शरणार्थियों ने जिस स्कूल में शरण ले रखी थी, वहां इजराइल के हवाई हमले में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई।

Eliminated: Yahya Sinwar.

Eliminated: Yahya Sinwar.

आतंकवादियों को निशाना बना रही इजराइली सेना

गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय की स्थानीय आपातकालीन इकाई के प्रमुख फरेस अबू हमजा ने हमले में मारे गए लोगों की संख्या की पुष्टि की और कहा कि दर्जनों लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि पास के कमाल अदवान अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘कई महिलाएं और बच्चे गंभीर हालत में हैं। इजराइल की सेना ने कहा कि उसने स्कूल के अंदर हमास और इस्लामिक जिहाद द्वारा संचालित कमांड सेंटर को निशाना बनाया, जहां 10 से ज्यादा आतंकी छिपे हुए थे। इजराइल ने गाजा में विस्थापित लोगों को शरण देने वाले अस्थाई शिविरों और स्कूलों पर कई बार हमले किए हैं। इजराइली सेना का कहना है कि वह आतंकवादियों को निशाना बनाती है और नागरिकों को नुकसान पहुंचाने से बचने का प्रयास करती है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article