दुनिया

यूक्रेन के ओडेसा के पास मालवाहक जहाज पर मिसाइल हमला, 4 भारतीयों की मौत; भारत ने कहा- वाणिज्यिक जहाजों को निशाना बनाना निंदनीय

भारत ने वाणिज्यिक जहाज पर हुए इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाना, निर्दोष नागरिक चालक दल की जान खतरे में डालना और समुद्री नौवहन व व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा पहुंचाना बेहद निंदनीय है।

Image

ओडेसा के पास मालवाहक जहाज पर मिसाइल हमला। (फोटो- ai)

पश्चिम एशिया में मालवाहक जहाजों पर हमले के बाद यूक्रेन के ओडेसा (Odesa) बंदरगाह के पास मालवाहक जहाज MV Golden Leo पर मिसाइल हमला हुआ है। इसमें चार भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य भारतीय गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हमले की विदेश मंत्रालय ने कड़ी निंदा की है। इस घटना पर रूस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

विदेश मंत्रालय ने बताया कि 19 जुलाई 2026 की शाम ओडेसा बंदरगाह से रवाना हो रहे MV Golden Leo पर हमला हुआ। जहाज पर कुल 17 चालक दल के सदस्य सवार थे, जिनमें पांच भारतीय नागरिक शामिल थे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार इस हमले में चार भारतीयों की जान चली गई, जबकि एक भारतीय अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि MV Golden Leo का स्वामित्व मुंबई स्थित Ocean Grace Shipping Ltd के पास है।

भारतीय दूतावास लगातार रख रहा है नजर

विदेश मंत्रालय के अनुसार, यूक्रेन में स्थित भारतीय मिशन पूरे घटनाक्रम पर करीबी नजर बनाए हुए है और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कोशिश कर रहा है। मंत्रालय ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और घायल भारतीय के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।

भारत ने हमले की कड़ी निंदा की

भारत ने वाणिज्यिक जहाज पर हुए इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि व्यावसायिक जहाजों को निशाना बनाना, निर्दोष नागरिक चालक दल की जान खतरे में डालना और समुद्री नौवहन व व्यापार की स्वतंत्रता में बाधा पहुंचाना बेहद निंदनीय है। भारत ने कहा कि ऐसे हमलों से हर हाल में बचा जाना चाहिए।

यूक्रेन का दावा- रूस ने दागीं तीन क्रूज मिसाइलें

वहीं, समाचार एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, हमले का शिकार जहाज मक्का (कॉर्न) लेकर रवाना हो रहा था। यूक्रेनी अधिकारियों का दावा है कि रूस ने गिनी-बिसाऊ के झंडे वाले MV Golden Leo पर तीन क्रूज मिसाइलें दागीं, जिससे जहाज में आग लग गई। जहाज पर भारतीय और सीरियाई नागरिक चालक दल के सदस्य मौजूद थे।

यूक्रेन के समुद्री बंदरगाह प्राधिकरण के अनुसार, पूरी रात चले बचाव अभियान के बाद आठ लोगों को सुरक्षित निकाला गया। रिपोर्ट में कहा गया कि इस हमले में जहाज के कई चालक दल के सदस्यों और एक समुद्री पायलट की भी मौत हुई।

ब्लैक सी में फिर बढ़ा तनाव

ओडेसा पर सोमवार को हुए एक अन्य रूसी हमले में भी तीन लोगों की मौत और तीन अन्य के घायल होने की सूचना है। रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान ब्लैक सी समुद्री क्षेत्र लगातार तनाव का केंद्र बना हुआ है। हालांकि दोनों देशों के बीच अनाज निर्यात को लेकर पहले समझौता हुआ था, लेकिन हाल के महीनों में ब्लैक सी और सी ऑफ अजोव (Sea of Azov) में हमले तेज हो गए हैं और दोनों पक्ष एक-दूसरे के रणनीतिक व आर्थिक ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article