FBI Most Wanted Harmanveer Singh: अमेरिका की प्रमुख जांच एजेंसी फेडरल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (FBI) ने भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह को अपनी 'मोस्ट वॉन्टेड' सूची में शामिल किया है। एफबीआई का आरोप है कि हरमनवीर एक ऐसे बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी सिंडिकेट का सक्रिय सदस्य है, जो अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में बड़े पैमाने पर खतरनाक नशीले पदार्थों की आपूर्ति करता था। आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी तलाश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
FBI की 'मोस्ट वॉन्टेड' लिस्ट में डाला गया भारतीय नागरिक हरमनवीर सिंह, अमेरिका समेत कई देशों में करता था ये काम
'रविंदर ढांडा' गिरोह से कनेक्शन
एफबीआई की जांच के अनुसार, हरमनवीर सिंह कनाडा के वैंकूवर से संचालित होने वाले 'रविंदर ढांडा ऑर्गेनाइज्ड क्राइम ग्रुप' का प्रमुख सदस्य है। यह गिरोह उत्तरी अमेरिका के तीन बड़े देशों में सक्रिय तस्करों तक अवैध ड्रग्स की बड़ी खेप पहुंचाता था।
जांच एजेंसी ने आरोपी के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज किए है। उस पर कोकीन और मेथामफेटामाइन जैसे घातक नशीले पदार्थों की तस्करी करने, उनका निर्यात करने और बिक्री के उद्देश्य से उन्हें अपने पास रखने की साजिश रचने का आरोप है। बताया गया कि यह अंतरराष्ट्रीय गिरोह वैंकूवर को अपने मुख्य केंद्र के रूप में इस्तेमाल कर पूरे उत्तरी अमेरिका में ड्रग्स का अवैध कारोबार चला रहा था।
कैलिफोर्निया कोर्ट से वारंट
जांच में जुटाए गए ठोस सबूतों के आधार पर अमेरिका की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की संघीय अदालत ने 23 जून 2026 को हरमनवीर सिंह के खिलाफ गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।
एफबीआई रिकॉर्ड्स के मुताबिक आरोपी की पहचान से जुड़ी मुख्य जानकारियां:
फर्जी पहचान: हरमनवीर सिंह खुद को पुलिस और जांच एजेंसियों से बचाने के लिए 'हरी गौतम' और 'हरमन संधू' जैसे फर्जी नामों का सहारा लेता था।
व्यक्तिगत विवरण: 26 सितंबर 1994 को जन्मे इस भारतीय नागरिक का कद लगभग 5 फीट 7 इंच, वजन 190 पाउंड है और उसकी आंखें व बाल काले रंग के हैं।
एफबीआई के लॉस एंजिलिस फील्ड ऑफिस की विशेष टीम इस पूरे मामले की कमान संभाल रही है। जांच एजेंसी ने आम जनता और दूतावासों से अपील की है कि आरोपी के बारे में कोई भी सुराग मिलने पर तुरंत सूचना साझा करें, ताकि इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट का पूरी तरह पर्दाफाश किया जा सके।
