दुनिया

बाजवा ने भी कबूला, भारत का मुकाबला नहीं कर सकते, पाक के पास न टैंक, न डीजल और न पैसा

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Apr 25, 2023, 09:43 AM IST

Qamar Javed Bajwa News: ब्रिटेन स्थित पाकिस्तानी न्यूज चैनल 'यूके 44' के साथ बातचीत में वरिष्ठ पत्रकार हामिद मीर ने ये खुलासे किए। मीर ने कहा कि पाकिस्तानी सेना की काबिलियत एवं क्षमताओं को लेकर जनरल बाजवा के मन में संदेह था।

Image

पाकिस्तान के पूर्व सेना प्रमुख हैं कमर जावेद बाजवा।

Photo : AP

Qamar Javed Bajwa : पाकिस्तान की कंगाली और बदहाली किसी से छिपी नहीं है लेकिन इस बात को यदि वहां का पूर्व सेना प्रमुख कहता है तो यह गौर करने वाली बात हो जाती है। दरअसल, पाकिस्तान के दो वरिष्ठ पत्रकारों के साथ बातचीत में सेना प्रमुख रहे कमर जावेद बाजवा ने इस बात का खुलासा किया कि भारत से लड़ने के लिए पाकिस्तान के पास न तो गोला-बारूद है और न ही पैसे हैं। ब्रिटेन स्थित पाकिस्तानी न्यूज चैनल 'यूके 44' के साथ बातचीत में वरिष्ठ पत्रकार हामिद मीर ने ये खुलासे किए। मीर ने कहा कि पाकिस्तानी सेना की काबिलियत एवं क्षमताओं को लेकर जनरल बाजवा के मन में संदेह था।

NSA डोभाल से बातचीत होने का दावा

पाकिस्तानी पत्रकार ने कहा कि साल 2021 में बाजवा ने खुलासा किया कि भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल के साथ उनकी गोपनीय बातचीत हुई थी। यही नहीं, 2021 में संघर्ष विराम की घोषणा होने के बाद भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पाकिस्तान की यात्रा पर आने वाले थे।

कश्मीर को लेकर बाजवा ने 'डील' की थी

इस बातचीत में मीर ने दावा किया कि कश्मीर को लेकर बाजवा की भारत के साथ एक 'डील' हुई थी। नियंत्रण रेखा पर सीजफायर की घोषणा होने के बाद पीएम मोदी पाकिस्तान की यात्रा पर आने वाले थे। इस बात की जानकारी जब विदेश मंत्रालय को हुई तो मंत्रालय के लोग प्रधानमंत्री इमरान खान के पास गए। तब तक कश्मीर पर 'डील' वाली बात इमरान को भी पता नहीं थी।

'पाकिस्तानी टैंक चलने की हालत में नहीं हैं'

मीर ने आगे कहा कि जनरल बाजवा ने उनसे कहा कि भारत से पाकिस्तान युद्ध नहीं लड़ सकता। बाजवा की बातों का हवाला देते हुए पाकिस्तानी पत्रकार ने बताया कि 'पाकिस्तानी सेना का भारतीय सेना के साथ कोई मुकाबला नहीं है। क्योंकि पाकिस्तान के टैंक चलने की हालत में नहीं हैं। यहां तक कि टैंक चलाने के लिए डीजल भी नहीं है।'

कश्मीर विवाद सुलझाना चाहते थे बाजवा-मीर

पत्रकार मीर एवं नसीम जेहरा ने खुलासा किया कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख ने उन्हें बताया कि युद्ध के हालात यदि बनते हैं तो भारतीय सेना का मुकाबला करने के लिए उनकी सेना तैयार नहीं है। दोनों पत्रकारों ने दावा किया कि बाजवा भारत के साथ सामान्य रिश्ते कायम करने के लिए प्रस्ताव दिया था। दोनों पक्षों ने कश्मीर विवाद के हल के लिए काम करना भी शुरू कर दिया था।

अब्बासी ने चेताया-हो सकता है तख्तापलट

इन दिनों पाकिस्तान की हालत जर्जर हो चुकी है। आईएमएफ सहित विदेशी संस्थाओं से उसे कर्जा मिलना बंद हो गया है। वह दिवालिया होने के कगार पर है। इस देश पर विदेश कर्ज बढ़कर 130 अरब डॉलर हो गया है जो कि उसकी जीडीपी का 95.39 प्रतिशत है। पाकिस्तान में राजनीतिक माहौल भी अस्थिर है। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री शाहिद खाकान अब्बासी ने चेतावनी दी है कि देश के आर्थिक और राजनीतिक हालात इतने खराब हैं कि इसमें सेना के सत्ता पर काबिज होने की आशंका है।

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article