Elon Musk Not Racist Statement: दुनिया के सबसे अमीर कारोबारी और टेस्ला व एक्स (X) के मालिक एलन मस्क (Elon Musk) ने खुद पर लगातार लग रहे नस्लवादी (Racist) होने के आरोपों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। द इकोनॉमिस्ट की संपादक-इन-चीफ जैनी मिंटन बेडोज (Zanny Minton Beddoes) को दिए एक विस्तृत साक्षात्कार में मस्क ने अपनी निजी जिंदगी, पारिवारिक पृष्ठभूमि और अपनी कंपनियों की विविधता का हवाला देते हुए इन दावों को पूरी तरह से मनगढ़ंत और बेबुनियाद करार दिया है।
'मेरी पार्टनर आधी भारतीय हैं'; एलन मस्क ने ऐसा क्यों कहा, बताया बेटे का नाम किस पर रखा? (Shivon Zilis/X)
इसके साथ ही मस्क ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और रोबोटिक्स के भविष्य को लेकर अपनी बदली हुई सोच भी दुनिया के सामने रखी।
'मेरी पार्टनर आधी भारतीय हैं'
एक्स पर दक्षिणपंथी और प्रवासियों के खिलाफ पोस्ट को बढ़ावा देने के आरोपों का जवाब देते हुए एलन मस्क ने कहा कि उनके विचारों को मीडिया द्वारा गलत तरीके से पेश किया जाता है। न्यूरालिंक (Neuralink) की शीर्ष कार्यकारी शिवोन जिलिस (मस्क की पत्नी) का जिक्र करते हुए मस्क ने कहा, 'मेरी पार्टनर आधी भारतीय हैं और उनके साथ मेरे चार बच्चे हैं। ऐसे में मुझ पर नस्लवादी होने का आरोप लगाना पूरी तरह गलत है।'
मस्क ने बताया कि उनके जुड़वां बच्चों में से एक बेटे का नाम 'स्ट्राइडर शेखर' है। 'स्ट्राइडर' नाम जहां द लॉर्ड ऑफ द रिंग्स के काल्पनिक पात्र से लिया गया है, वहीं 'शेखर' नाम 1983 के भौतिकी नोबेल पुरस्कार विजेता भारतीय-अमेरिकी खगोल भौतिक विज्ञानी सुब्रह्मण्यन चंद्रशेखर के नाम पर रखा गया है। मस्क ने जोर देकर कहा कि टेस्ला, स्पेसएक्स और एक्स जैसी उनकी कंपनियों में सभी नस्लों और धर्मों के शीर्ष कार्यकारी काम कर रहे हैं और उनके संस्थानों में किसी प्रकार का नस्लभेद नहीं है।
अप्रवासन पर मस्क का रुख
इंटरव्यू के दौरान जब मस्क से पूछा गया कि क्या उनकी टिप्पणियां मुस्लिम विरोधी या प्रवासी विरोधी मानसिकता को दर्शाती हैं, तो मस्क ने स्पष्ट किया कि उनकी चिंता धर्म या नस्ल से नहीं, बल्कि सांस्कृतिक मूल्यों से जुड़ी है। मस्क ने कहा, 'अगर लोग पश्चिमी सभ्यता के स्थापित नियमों, कानूनों और मूल्यों के विपरीत सोच लेकर किसी देश में आते हैं, तो मैं उसका विरोध करता हूं। मैं बलात्कार, हत्या और कानूनों को थोपे जाने के सख्त खिलाफ हूं।' मस्क ने ब्रिटेन में बढ़ते अपराध और वहां की आव्रजन नीतियों पर सोशल मीडिया पर जताई गई अपनी चिंताओं का भी बचाव किया।
AI की रफ्तार अब रुकने वाली नहीं
राजनीतिक विवादों से हटकर मस्क ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के खतरों और संभावनाओं पर भी अपना रुख स्पष्ट किया। पहले एआई को मानवता के लिए अस्तित्व का खतरा बताने वाले मस्क ने माना कि अब इसकी प्रगति को रोकना किसी भी सरकार, कंपनी या व्यक्ति के बस में नहीं है। मस्क ने कहा, 'मेरा निष्कर्ष यह है कि हमें इसके उज्ज्वल पक्ष को देखना चाहिए। यद्यपि जोखिम शून्य नहीं है, लेकिन सबसे अधिक संभावना यही है कि एआई और रोबोटिक्स भविष्य में सभी के लिए अभूतपूर्व समृद्धि और सहूलियत लेकर आएंगे।'
