दुनिया

Earthquake News: वानुअतु में आया भूकंप, भारी तबाही, 14 लोगों की मौत, कई प्रभावित

Earthquake in Vanuatu: अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण के अनुसार, प्रारंभिक भूकंप के बाद क्षेत्र में कई झटके महसूस किए गए, जिनमें बुधवार सुबह के समय आया 5.5 तीव्रता का एक झटका भी शामिल है।

Image

वानुअतु में आया भूकंप

Earthquake in Vanuatu: मंगलवार को वानुअतु में आए भीषण भूकंप में 14 लोग मारे गए जबकि सैकड़ों घायल हो गए। रेड क्रॉस ने बुधवार सुबह स्थानीय समयानुसार सरकारी सूत्रों के हवाले से मृतकों की संख्या संबंधी जानकारी दी। समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार स्थानीय मीडिया ने पहले सात लोगों के मरने की सूचना दी थी।मंगलवार को वानुअतु की राजधानी पोर्ट विला में 7.3 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे व्यापक स्तर पर क्षति हुई।

प्रशांत क्षेत्र में रेड क्रॉस की फिजी स्थित प्रमुख केटी ग्रीनवुड ने सोशल मीडिया पर बताया कि 200 से अधिक लोग घायल हुए हैं।ऑस्ट्रेलिया के विदेश एवं व्यापार विभाग (डीएफएटी) ने कहा कि उसे इस क्षेत्र में कई ऑस्ट्रेलियाई लोगों के होने की जानकारी है, लेकिन उप प्रधानमंत्री रिचर्ड मार्लेस ने बुधवार को कहा कि ऐसा नहीं लगता कि कोई घायल हुआ है।

विदेश मंत्री पेनी वोंग ने मंगलवार रात एक बयान में कहा कि भूकंप से काफी नुकसान हुआ है और ऑस्ट्रेलिया बुधवार को सहायता सामग्री भेजेगा।

ऑस्ट्रेलिया के 9न्यूज नेटवर्क ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र मानवीय कार्यालय ने कहा है कि पोर्ट विला में हवाई अड्डे और बंदरगाह तक पहुंचने वाली सड़क क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे सहायता पहुंचाने के प्रयास प्रभावित हो सकते हैं।

बिजली और फोन लाइनों को नुकसान के कारण पुनर्निर्माण प्रयासों में बाधा

वर्ल्ड विजन वानुअतु के क्लेमेंट चिपोकोलो ने ऑस्ट्रेलियाई ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन (एबीसी) टेलीविजन को बताया कि उन्हें आशंका है कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।उन्होंने कहा कि बिजली और फोन लाइनों को नुकसान के कारण पुनर्निर्माण प्रयासों में बाधा आ रही है।

वानुअतु का नेतृत्व चार वर्षों में चार प्रधानमंत्रियों ने किया है और जनवरी में अचानक चुनाव होने हैं। नवंबर में प्रधानमंत्री चार्लोट सालवाई ने राष्ट्रपति निकेनके वुरोबारावु से संसद को भंग करने के लिए कहा ताकि उन्हें अपने पूर्ववर्तियों की तरह अविश्वास मत का सामना न करना पड़े। वानुअतु प्राकृतिक आपदाओं से जूझता रहा है, जिसमें चक्रवात और ज्वालामुखी विस्फोट से होने वाली तबाही भी शामिल है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article