Chile Earthquake: चिली में भूकंप के तेज झटके लगे हैं। मिली जानकारी के अनुसार चिली के कैलामा के निकट 6.2 तीव्रता का भूकंप आया। यह भूकंप काफी तेज था। भूकंप में भारी नुकसान की आशंका है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने दी जानकारी
यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (EMSC) की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को चिली के एंटोफगास्टा क्षेत्र में 6.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया। ईएमएससी ने पुष्टि की है कि भूकंप की गहराई 104 किलोमीटर दर्ज की गई, जो पृथ्वी की सतह से लगभग 64.62 मील नीचे है। भूकंप के बाद किसी के हताहत होने या महत्वपूर्ण क्षति की तत्काल कोई रिपोर्ट नहीं मिली है।
नेपाल में भी भूकंप
उत्तर नेपाल में बृहस्पतिवार को 4.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके राजधानी काठमांडू और पड़ोसी जिलों में महसूस किए गए। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान अनुसंधान केंद्र (एनएसआरसी) के अनुसार, भूकंप अपराह्न 1.02 बजे आया जिसकी तीव्रता 4.8 दर्ज की गई। इसका केंद्र काठमांडू से 70 किलोमीटर उत्तर में सिंधुपालचौक जिले में स्थित था। काठमांडू और पड़ोसी जिलों में लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए। हालांकि, भूकंप से किसी तरह के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं है। एनएसआरसी के रिकॉर्ड के अनुसार, नेपाल में तीन तीव्रता से अधिक का यह नौवां भूकंप था, जिनमें से आठ पिछले 20 दिनों में पश्चिमी नेपाल में आए।
