दुनिया

कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमला, एक भारतीय की मौत; उड़ानें निलंबित, भारत ने जताई कड़ी आपत्ति

Kuwait Airport Attack: कुवैत एयरपोर्ट पर ड्रोन हमले एक व्यक्ति की मौत हुई है। वहीं पर कई लोग घायल हुए हैं। भारत ने इस हमले को लेकर कड़ी आपत्ति जताई है।

Image

सुरक्षा जांच पूरी होने तक बंद रहेगा एयरपोर्ट संचालन

Photo : iStock

Kuwait Airport Attack: कुवैत में हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब ड्रोन हमलों के कारण देश के प्रमुख हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। अधिकारियों के अनुसार, कई ड्रोन एयरपोर्ट (Kuwait Drone Strike) परिसर तक पहुंच गए, जिससे यात्री टर्मिनल को नुकसान हुआ और एक व्यक्ति की मौत हो गई। पीटीआई के मुताबिक मरने वाले व्यक्ति की पहचान भारतीय के रूप में हुई है। इस घटना में कुछ अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सुरक्षा कारणों से कुवैत सरकार ने तुरंत सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन रोक दिया।

यह घटना ऐसे समय में हुई है जब क्षेत्र में ईरान और अमेरिका के बीच तनाव लगातार बढ़ रहा है। हाल के दिनों में दोनों देशों के बीच जवाबी सैन्य कार्रवाइयों की खबरें सामने आई हैं, जिससे पूरे खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं बढ़ गई हैं। इसी बीच ईरान की ओर से यह संकेत भी मिले हैं कि उसने संघर्ष विराम को आगे बढ़ाने से जुड़े कुछ संवाद फिलहाल रोक दिए हैं। ड्रोन हमले के बाद कुवैत के विमानन अधिकारियों ने आपातकालीन योजना लागू कर दी।

भारत ने हमले की निंदा की

इस पूरे मामले को लेकर भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा "हम आज कुवैत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हैं, जिसमें एक भारतीय नागरिक की मृत्यु हो गई और हमारे कई नागरिक घायल हो गए। पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से, हमने बार-बार आग्रह किया है कि नागरिक आबादी और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए।

हम एक बार फिर सभी पक्षों से ऐसे हमलों को रोकने का आह्वान करते हैं। हम शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं। हमारा दूतावास घायलों को हर संभव सहायता प्रदान कर रहा है। हम भारतीय नागरिकों के कल्याण के लिए स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं। क्षेत्र भर में भारतीय दूतावास और दूतावास सतर्क हैं और हमारे समुदाय को सक्रिय रूप से सहायता प्रदान करना जारी रखे हुए हैं।"

एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच शुरू

एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच शुरू की गई और आने वाली कई उड़ानों का मार्ग बदल दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि जब तक सभी सुरक्षा और तकनीकी जांच पूरी नहीं हो जातीं, तब तक हवाई अड्डे का संचालन पूरी तरह बहाल नहीं किया जाएगा। इस स्थिति का असर अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों पर भी पड़ा है। कई कंपनियों ने अपनी उड़ानों की समीक्षा शुरू कर दी है। भारतीय एयरलाइन इंडिगो ने भी कुवैत के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से रोकने का फैसला लिया है।

कुवैत सरकार ने एयरपोर्ट पर राहत और सुरक्षा टीमों को किया तैनात

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की जानकारी अवश्य जांच लें। कुवैत सरकार ने एयरपोर्ट पर राहत और सुरक्षा टीमों को तैनात कर दिया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है और घटना की जांच जारी है। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि क्षेत्रीय तनाव जल्द कम नहीं हुआ तो इसका असर हवाई यात्रा और व्यापारिक गतिविधियों पर भी पड़ सकता है। फिलहाल यात्रियों और एयरलाइनों को हालात सामान्य होने का इंतजार है।

monu jha
मोनू झा author

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कं... और देखें

End of Article