Germany Attack: जर्मनी के मैनहेम शहर में सोमवार को एक कार ने पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मार दी जिसमें दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, पुलिस ने लोगों से भीड़भाड़ वाले इलाके से दूर रहने और घरों में रहने की सलाह दी है।
जर्मनी में रफ्तार का कहर
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, लगभग 3 लाख आबादी वाले मैनहेम शहर के मुख्य शॉपिंग स्ट्रीट प्लैंकेन में एक काले रंग की तेज रफ्तार SUV ने लोगों को टक्कर मारी जिसकी वजह से कई लोग घायल हो गए। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि घटना के सिलसिले में एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि इस घटना में क्या कोई अन्य संदिग्ध भी शामिल था या नहीं?
रेक्स्यू ऑपरेशन
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मैनहेम शहर के मध्य में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। हाल के हफ्तों में हुई हिंसक घटनाओं के बाद जर्मनी में सुरक्षा व्यवस्था एक चिंता का विषय है जिसमें दिसंबर में मैगडेबर्ग और पिछले माह म्यूनिख में घातक कार एक्सीडेंट और मई 2024 में मैनहेम में चाकू अटैक शामिल है।
कब हुई यह घटना?
पुलिस ने यह खुलासा नहीं किया कि शहर के मुख्य हिस्से में बड़ी संख्या में पुलिस बल की उपस्थिति क्यों है, लेकिन एक प्रवक्ता ने बताया कि इस घटना को 'जीवन के लिए खतरा पैदा करने वाली स्थिति' के रूप में दर्ज किया गया है। पुलिस प्रवक्ता स्टीफन विल्हेम ने एन-टीवी टेलीविजन को बताया कि मैनहेम शहर के परेडप्लाट्ज इलाके में स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 12:15 बजे एक 'घटना' हुई जिसके कारण बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
