दुनिया

डोनाल्ड ट्रंप का शपथ ग्रहण समारोह आज, कई देशों के नेता करेंगे शिरकत; मुकेश और नीता अंबानी भी होंगे शामिल

Donald Trump's Inauguration: अमेरिका के राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप आज शपथ लेंगे। ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में कई देशों के नेता शिरकत करेंगे। मुकेश और नीता अंबानी भी ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। आपको इस पूरे कार्यक्रम के बारे में सारी जानकारी इस रिपोर्ट के जरिए दे देते हैं।

Image

डोनाल्ड ट्रंप।

Photo : AP

US President Oath Ceremony: अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति पद के शपथ ग्रहण समारोह में दुनिया के कई देशों के नेता आने वाले हैं। बतौर ट्रंप का शपथ ग्रहण आज होना है। ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह से दो दिन पहले हजारों लोग राजधानी वाशिंगटन डीसी में एकत्र हुए और उनकी नीतियों का विरोध किया। वहीं जानकारी के मुताबिक भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी भी डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

अमेरिका में ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे कई देशों के नेता

नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी समेत कई देशों के नेताओं को शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया है। शी अपने प्रतिनिधि के रूप में अपने उपराष्ट्रपति को भेज रहे हैं। इससे पहले किसी भी राष्ट्राध्यक्ष ने शपथ ग्रहण समारोह के लिए अमेरिका का आधिकारिक दौरा नहीं किया है।

डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे मुकेश, नीता अंबानी

उद्योगपति मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूसरे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में अमेरिका के कुछ सबसे प्रभावशाली अरबपतियों और राजनेताओं के साथ-साथ विदेशी नेताओं और मशहूर हस्तियों के भी शामिल होने की संभावना है। सूत्रों ने बताया कि 18 जनवरी को अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन पहुंचे अंबानी उन चुनिंदा 100 लोगों में शामिल थे, जिन्होंने कल शाम ट्रंप के साथ रात्रिभोज में भाग लिया था। वे शायद रात्रिभोज में शामिल होने वाले एकमात्र भारतीय थे, जहां उपराष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित जेडी और उषा वेंस ने भी उनसे मुलाकात की।

उन्होंने बताया कि अंबानी दंपति 20 जनवरी को ट्रंप परिवार के निजी आमंत्रित सदस्य के रूप में शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड को टिप्पणी लिए इस बारे में भेजे गए ईमेल का फिलहाल कोई जवाब नहीं मिला है। अंबानी परिवार के ट्रंप परिवार के साथ घनिष्ठ संबंध हैं। सबसे अमीर भारतीय उस समय मौजूद थे जब डोनाल्ड ट्रंप की बेटी इवांका ट्रंप 2017 में वैश्विक उद्यमिता सम्मेलन के लिए हैदराबाद आई थीं। इवांका उस समय राष्ट्रपति ट्रंप की सलाहकार थीं। फरवरी, 2020 में जब ट्रंप अमेरिकी राष्ट्रपति के रूप में पिछली बार भारत आए थे, तब भी वह मौजूद थे।

ट्रंप का दूसरा शपथ ग्रहण समारोह सितारों से भरा रहने का अनुमान

इवांका, उनके पति जेरेड कुशनर और उनकी सबसे बड़ी बेटी अरबेला रोज उन मशहूर हस्तियों में शामिल थीं, जो मार्च, 2024 में गुजरात के जामनगर में अंबानी के सबसे छोटे बेटे अनंत और मंगेतर राधिका मर्चेंट के तीन दिवसीय विवाह-पूर्व समारोह में शामिल हुए थे। सूत्रों ने बताया कि कई धनी दानदाताओं ने ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में पहुंच और ‘वीआईपी’ सुविधा पाने के लिए ट्रंप की उद्घाटन समिति को अधिकतम 10 अमेरिकी डॉलर लाख का योगदान देने का संकल्प लिया है, लेकिन अंबानी परिवार को ट्रंप परिवार द्वारा व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया गया है।

ट्रंप का दूसरा शपथ ग्रहण समारोह सितारों से भरा रहने का अनुमान है। राष्ट्रपति जो बाइडन और उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के साथ-साथ उनके पति, प्रथम महिला जिल बाइडन और ‘सेकेंड जेंटलमैन’ डग एमहॉफ, तथा पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा, जॉर्ज डब्ल्यू बुश और बिल क्लिंटन के भी इसमें शामिल होने की उम्मीद है।

ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में नजप आएंगे दुनिया के ये उद्योगपति

विश्व के तीन सबसे धनी व्यक्ति- प्रौद्योगिकी उद्यमी और ट्रंप के सबसे मुखर समर्थक एलन मस्क, अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस, एप्पल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) टिम कुक और फेसबुक की मूल कंपनी मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग को समारोह में प्रमुख स्थान मिलेगा। ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहने वाले संभावित लोगों में ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन, गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और उबर के सीईओ दारा खोसरोशाही हैं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article