दुनिया

अमेरिकी चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की शानदार जीत, फ्लोरिडा में समर्थकों से बोले-'आप सभी का शुक्रिया', बनेंगे 47वां प्रेसिडेंट

US Election Result 2024 : अमेरिका में अब सत्ता बदल जाएगी। राष्ट्रपति चुनाव में डोनाल्ड ट्रंप की जीत हुई है और कमला हैरिस की हार हुई है। ट्रंप अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बनेंगे। फ्लोरिडा के पार्टी मुख्यालय के बाहरोउमड़े समर्थकों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को वह एक बार फिर महान बनाएंगे।

Image

अमेरिकी चुनाव में ट्रंप दर्ज की बड़ी जीत

US Election Result 2024: रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत लिया है। फ्लोरिडा के पार्टी मुख्यालय के बाहरोउमड़े समर्थकों को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि वह अब अमेरिका के 47वें राष्ट्रपति बनेंगे और अमेरिका को एक बार फिर से महान बनाएंगे। समर्थकों के नारों के बीच ट्रंप ने कहा कि हम सभी स्विंग स्टेट जीतेंगे। यहां से अमेरिका के लिए सुनहरे दौर की शुरुआत होगी। हमें ऐसी जीत की कल्पना नहीं थी। अब सीनेट पर हमारा कंट्रोल वापस आ गया है। रिपब्लिकन नेता ने कहा कि उनकी हर सांस अमेरिका के लिए है। राष्ट्रपति पद पर जीत के साथ ट्रंप को बधाई देने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। राष्ट्रपति पद पर जीत में स्विंग स्टेट पेन्सिलवेनिया ने बड़ी भूमिका निभाई। कमला हैरिस की हार से डेमोक्रेट पार्टी को बड़ा झटका लगा है।

ट्रंप ने कहा कि 'हम कोई जंग नहीं होने देंगे। हमने आईएसआईएस को हराया है। हम अपनी सीमा पर निगरानी बढ़ाएंगे हमने असंभव को संभव करके दिखाया है।'

डेमोक्रेट के हाथ से सीनेट भी निकला

यही नहीं डेमोक्रेट पार्टी को अपने हाथ से सीनेट भी गंवाना पड़ा है। रिपब्लिकन पार्टी ने मंगलवार देर रात अमेरिकी सीनेट में बहुमत हासिल कर लिया। रिपब्लिकन पार्टी ने अपनी सीटों पर जीत के क्रम को दोहराते हुए डेमोक्रेटिक पार्टी के कब्जे वाली कई सीटों पर जीत हासिल कर चार साल में पहली बार सीनेट में अपना दबदबा बढ़ा लिया। नेब्रास्का में रिपब्लिकन पार्टी की अप्रत्याशित जीत ने उसे शीर्ष पर पहुंचा दिया। मौजूदा रिपब्लिकन सीनेटर डेब फिशर ने निर्दलीय नवोदित नेता डैन ओसबोर्न से आश्चर्यजनक रूप से मजबूत चुनौती का सामना किया।

कई डेमोक्रेट नहीं बचा पाए अपनी सीट

सीनेट में डेमोक्रेटिक पार्टी को जो थोड़ा बहुत बहुमत प्राप्त था, उसे बचाने वे नाकाम रहे और पूरा आंकड़ा रिपब्लिकन पार्टी के पक्ष में जाते दिखा। रात में ही रिपब्लिकन पार्टी ने वेस्ट वर्जीनिया में एक सीट जीत ली, जिसमें जिम जस्टिस चुनाव जीत गए। उन्होंने आसानी से सेवानिवृत्त सीनेटर जो मैनचिन का स्थान ले लिया। वहीं, टेक्सास के रिपब्लिकन नेता टेड क्रूज और फ्लोरिडा के रिक स्कॉट को हटाने के डेमोक्रेटिक पार्टी के प्रयास विफल हो गए। कांग्रेस (अमेरिकी संसद) में प्रतिनिधि सभा और सीनेट के लिए होने वाले चुनाव यह निर्धारित करेंगे कि किस पार्टी के पास बहुमत है और राष्ट्रपति के एजेंडे को आगे बढ़ाने या रोकने की शक्ति किस सदन के पास है या फिर व्हाइट हाउस (अमेरिकी राष्ट्रपति का आधिकारिक कार्यालय एवं आवास) को क्या विभाजित सदन का सामना करना पड़ेगा। अब ध्यान डेमोक्रेटिक पार्टी के वर्चस्व वाले राज्यों पेंसिल्वेनिया, मिशिगन और विस्कॉन्सिन पर केंद्रित है, जहां डेमोक्रेटिक पार्टी सीनेट पर अपनी बची हुई पकड़ को बचाने की जद्दोजहद में है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!