अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान युद्ध से लौटते समय अमेरिकी युद्धपोत क्यूबा के तट के पास रुक सकते हैं। शुक्रवार को फ्लोरिडा में मध्यावधि चुनावों के लिए आयोजित एक प्रचार कार्यक्रम में ट्रंप ने क्यूबा को लेकर यह टिप्पणी की। उनके बयान पर क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज ने प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिका की महत्वाकांक्षाओं से जुड़ी सभी धमकियों को खारिज कर दिया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (File Photo)
ट्रंप ने कहा, “ईरान से लौटते समय हम क्यूबा का ध्यान रखेंगे। वे खूबसूरत युद्धपोत क्यूबा के पास से गुजरेंगे। हम उनमें से एक को तट से करीब 50 गज की दूरी पर रुकवाएंगे। वे अपने हाथ ऊपर उठाएंगे और फिर हम मार्को रुबियो को भेजेंगे।” ट्रंप की इस टिप्पणी के बाद क्यूबा के विदेश मंत्री ब्रूनो रोड्रिगेज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जवाब दिया। उन्होंने लिखा कि क्यूबा, उसके प्रति अमेरिकी महत्वाकांक्षाओं से जुड़ी हर धमकी को खारिज करता है। उन्होंने कहा कि क्यूबा का समुद्र तट खूबसूरत समुद्र तटों से भरा है, लेकिन वहां नुकीली चूना-पत्थर की चट्टानें और ऐसा दुर्गम वातावरण भी है, जो शत्रुतापूर्ण उद्देश्यों और प्रभुत्व की इच्छा के साथ आने वालों के लिए अनुकूल नहीं है।
मार्को रुबियो ने CIA के साथ साझेदारी की अपील की
इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने क्यूबा के लोगों से केंद्रीय खुफिया एजेंसी (CIA) के साथ गोपनीय साझेदारी करने की अपील की थी। उन्होंने कहा कि इससे देश में सकारात्मक बदलाव लाने में मदद मिल सकती है। रुबियो ने एक्स पर लिखा कि क्यूबा में सकारात्मक बदलाव चाहने वालों के लिए यह सही समय है। उन्होंने भ्रष्टाचार, अधूरे वादों और कुछ लोगों के विशेषाधिकार प्राप्त जीवन का जिक्र करते हुए लोगों से CIA के साथ गोपनीय साझेदारी के जरिए बदलाव लाने का अवसर अपनाने की अपील की।
क्यूबा पर आर्थिक दबाव भी बढ़ा रहा अमेरिका
ट्रंप प्रशासन ने क्यूबा पर आर्थिक दबाव बढ़ाने के लिए निर्माण, खनन और धातु क्षेत्र की नौ सरकारी कंपनियों पर नए प्रतिबंध लगाए हैं। इसके साथ ही उन अमेरिकी नियमों को सख्ती से लागू किया जा रहा है, जो अमेरिकी नागरिकों को क्यूबा की यात्रा के दौरान सरकारी नियंत्रण वाली कंपनियों के साथ कारोबार करने से रोकते हैं।
ट्रंप पहले भी क्यूबा के नेतृत्व में बदलाव की बात कह चुके हैं। इस साल 2 मई को उन्होंने कहा था कि अमेरिका लगभग तुरंत क्यूबा पर कब्जा कर लेगा। उन्होंने उस समय कहा था कि क्यूबा समस्याओं से जूझ रहा है और अमेरिका पहले एक अन्य मुद्दे को निपटाएगा। इससे पहले व्हाइट हाउस ने एक बयान में कहा था कि क्यूबा सरकार की नीतियां, तौर-तरीके और कार्रवाइयां अमेरिका के लिए असामान्य और असाधारण खतरा बनी हुई हैं। बयान में इन नीतियों को स्वतंत्र और लोकतांत्रिक समाजों के नैतिक तथा राजनीतिक मूल्यों के विपरीत भी बताया गया था।
