Trump-Kim Jong Un Meeting: एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) शिखर सम्मेलन के इतर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के सुप्रीम लीडर किम जोंग उन की मुलाकात को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज थी। हालांकि, ट्रंप ने कहा कि चीन दौरे के दौरान उनकी किम से मुलाकात नहीं हो पाई, लेकिन दोनों के बीच संबंध अच्छे हैं और वे भविष्य में किसी न किसी समय जरूर मिलेंगे। ट्रंप ने कहा कि वह अपने एशिया टूर के दौरान इतने बिज़ी थे कि नॉर्थ कोरिया के लीडर किम जोंग उन से नहीं मिल पाए।
चीन में नहीं हो पाई ट्रंप और किम जोंग उन की मुलाकात। AP
दरअसल, ट्रंप ने एशिया दौरे पर रवाना होने से पहले संकेत दिए थे कि वह चीन में किम जोंग उन से मुलाकात कर सकते हैं। इस बयान के बाद पूरी दुनिया की नजरें इस संभावित बैठक पर टिक गई थीं। माना जा रहा था कि अगर यह मुलाकात होती है तो उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अमेरिका और प्योंगयांग के बीच बातचीत का नया रास्ता खुल सकता है। हालांकि, ट्रंप 19 नवंबर को बिना किम से मिले ही चीन से रवाना हो गए।
'बहुत सारी बैठकें थीं, मुलाकात नहीं हो पाती'
ट्रंप ने गुरुवार को बातचीत में किम जोंग उन से मुलाकात नहीं होने की वजह बताई। उन्होंने कहा कि उनके पास पहले से ही बहुत सारी बैठकें थीं और ऐसे में किम के साथ मुलाकात संभव नहीं हो पाती।
ट्रंप ने कहा, 'हमारे बीच संबंध अच्छे हैं, लेकिन मुलाकात नहीं हुई। बहुत सारी बैठकें थीं। यह मुलाकात हो नहीं पाती। हम किसी न किसी समय जरूर मिलेंगे।'
ट्रंप के इस बयान से साफ है कि फिलहाल उन्होंने किम के साथ बातचीत के रास्ते बंद नहीं किए हैं। हालांकि, उन्होंने भविष्य में होने वाली मुलाकात की कोई तारीख या समय नहीं बताया है।
पुतिन और जिनपिंग के साथ हुई ऐतिहासिक बैठक
ट्रंप का तीन दिवसीय एशिया दौरा 19 नवंबर को समाप्त हुआ। इस दौरान चीन के शेनझेन में उनकी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ त्रिपक्षीय बैठक हुई। तीनों देशों के नेताओं की यह बैठक परमाणु हथियारों और वैश्विक सुरक्षा के लिहाज से काफी अहम मानी गई।
बैठक के बाद जारी संयुक्त घोषणा में परमाणु जोखिम कम करने और परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने के लिए बातचीत जारी रखने पर सहमति जताई गई। हालांकि, संयुक्त घोषणा में उत्तर कोरिया या कोरियाई प्रायद्वीप के परमाणु मुद्दे का सीधा उल्लेख नहीं किया गया। चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ के मुताबिक, तीनों नेताओं के बीच कोरियाई प्रायद्वीप, यूक्रेन और मध्य पूर्व के हालात पर भी चर्चा हुई।
ट्रंप ने जिनपिंग से कहा था- किम को भी बुला लीजिए
चीन रवाना होने से पहले ट्रंप ने किम जोंग उन से संभावित मुलाकात को लेकर संकेत दिए थे। उन्होंने कहा था कि किम, चीन आ सकते हैं, लेकिन यह फैसला चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर निर्भर करेगा।
ट्रंप ने कहा था, 'हो सकता है कि हम किम जोंग उन से भी मिलें। यह अच्छा रहेगा।'
उन्होंने यह भी कहा था कि किम के चीन आने का फैसला जिनपिंग पर निर्भर है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी कहा था कि ट्रंप उत्तर कोरिया के नेता के साथ बातचीत को लेकर गंभीर हैं, हालांकि मुलाकात होगी या नहीं, यह कहना मुश्किल है। दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रालय ने भी कहा था कि वह इस संभावित मुलाकात को लेकर अमेरिका के संपर्क में है और जरूरत पड़ने पर बातचीत में सहयोग के लिए तैयार है।
डोनाल्ड ट्रंप और किम जोंग उन के बीच मुलाकातों का इतिहास भी काफी दिलचस्प रहा है। ट्रंप अपने पहले राष्ट्रपति कार्यकाल में किम से तीन बार आमने-सामने मिल चुके हैं। साल 2018 के जून महीने में सिंगापुर में दोनों नेताओं की पहली ऐतिहासिक शिखर बैठक हुई थी। यह किसी मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति और उत्तर कोरिया के नेता की पहली ऐसी मुलाकात थी। वहीं, फरवरी 2019 को वियतनाम की राजधानी हनोई में दोनों नेताओं की दूसरी बैठक हुई।
हालांकि, परमाणु कार्यक्रम और प्रतिबंधों को लेकर सहमति नहीं बन सकी और बातचीत बिना किसी समझौते के समाप्त हो गई। इसके अलावा, 2019 के जून महीने में ट्रंप और किम की तीसरी मुलाकात कोरियाई प्रायद्वीप के असैन्यीकृत क्षेत्र (DMZ) में हुई। इस दौरान ट्रंप ने उत्तर कोरियाई सीमा पार करके किम से हाथ मिलाया था।
क्यों अहम है ट्रंप और किम की संभावित मुलाकात?
उत्तर कोरिया लंबे समय से अपने परमाणु और मिसाइल कार्यक्रम को आगे बढ़ा रहा है। अमेरिका लगातार उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर चिंता जताता रहा है। वहीं, प्योंगयांग अपने परमाणु हथियारों को अपनी सुरक्षा के लिए जरूरी बताता है। 2018 और 2019 में ट्रंप और किम की मुलाकातों से परमाणु विवाद सुलझने की उम्मीद जगी थी, लेकिन हनोई वार्ता विफल होने के बाद दोनों देशों के बीच बातचीत आगे नहीं बढ़ सकी।
अब ट्रंप के दोबारा बातचीत की इच्छा जताने के बीच सवाल यह है कि क्या भविष्य में होने वाली उनकी मुलाकात उत्तर कोरिया के परमाणु कार्यक्रम पर किसी ठोस समझौते का रास्ता खोल पाएगी या यह भी पहले की बैठकों की तरह केवल कूटनीतिक कोशिश बनकर रह जाएगी।
