दुनिया

Trump Health Update: कैंसर की जांच, हर्ट रेट; सीटी स्कैन... कैसी है ट्रंप की तबीयत? ड्रॉक्टर ने किया खुलासा

Trump Health Update: अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप की हालिया मेडिकल जांच में उन्हें पूरी तरह स्वस्थ और राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारियां निभाने के लिए सक्षम बताया गया है। वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में हुए व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण में सीटी स्कैन, हृदय संबंधी जांच, कैंसर स्क्रीनिंग और न्यूरोलॉजिकल मूल्यांकन शामिल थे। रिपोर्ट के मुताबिक ट्रंप ने कॉग्निटिव टेस्ट में 30 में से 30 अंक हासिल किए, जिससे उनकी मानसिक क्षमता सामान्य पाई गई।

Image

’वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर’ में राष्ट्रपति ट्रंप की चिकित्सकीय जांच कराई गई। AI IMAGE

Trump Health Update: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के चिकित्सक ने कहा है कि मंगलवार को ’वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर’ में राष्ट्रपति की चिकित्सकीय जांच कराई गई, जिसके मुताबिक उनका ’’स्वास्थ्य बेहतर’’ स्थिति में है। उन्होंने बताया कि ट्रंप सशस्त्र बलों के सर्वोच्च कमांडर के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाने के लिए ’’पूरी तरह सक्षम’’ हैं।

डॉ. सीन बार्बाबेला द्वारा शुक्रवार देर रात जारी चिकित्सकीय रिपोर्ट के अनुसार, ट्रंप का सीटी स्कैन किया गया तथा हृदय संबंधी जांच, कैंसर जांच और अन्य निवारक स्वास्थ्य आकलन किए गए। ट्रंप (79) ने मंगलवार को तीन घंटे की जांच के बाद कहा कि सब कुछ "बिल्कुल सही" रहा।

हाथों पर नीले निशान का भी जिक्र

रिपोर्ट में ट्रंप के हाथों पर नीले निशान का भी जिक्र है, इसमें इन्हें ’’बार-बार हाथ मिलाने से कोमल ऊतकों में होने वाली मामूली जलन’’ बताया गया है।

इसके अनुसार, यह ’’’एस्पिरिन थेरेपी’ का एक सामान्य और हानिरहित दुष्प्रभाव’’ भी है।

डॉक्टरों द्वारा किए गए न्यूरोलॉजिकल और कॉग्निटिव टेस्ट (मानसिक क्षमता जांच) में ट्रंप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 30 में से पूरे 30 अंक हासिल किए हैं। इस टेस्ट के जरिए उनकी याददाश्त, निर्णय लेने की क्षमता, सोचने-समझने के स्तर और मानसिक स्थिति का बारीकी से आकलन किया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि उनकी मानसिक क्षमता पूरी तरह से सामान्य और दुरुस्त है।

दिल की बीमारियों से बचाव के लिए नियमित रूप से दवाएं लेते हैं ट्रंप

मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, डोनाल्ड ट्रंप अपने कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित रखने और दिल की बीमारियों से बचाव के लिए नियमित रूप से दवाएं लेते हैं। डॉक्टरों ने बताया कि वह अपनी सभी जरूरी स्वास्थ्य जांचें और टीकाकरण समय पर करवाते हैं। अपने नियमित चेकअप के सिलसिले में ट्रंप पिछले साल अप्रैल और अक्टूबर के महीनों में वॉल्टर रीड अस्पताल गए थे। इसके अलावा, स्वास्थ्य सुरक्षा के तहत इसी साल जनवरी और मई में फ्लोरिडा में उनके दांतों से जुड़े दो छोटे इलाज भी किए गए थे। कुल मिलाकर रिपोर्ट दर्शाती है कि राष्ट्रपति ट्रंप अपने स्वास्थ्य को लेकर पूरी तरह सजग हैं।

पिछले साल व्हाइट हाउस ने बताया था कि ट्रंप ’क्रोनिक वीनस इनसफिशिएंसी’ से पीड़ित हैं, जिससे उनके पैरों में खून जमा हो जाता है। उनकी हालिया जांच रिपोर्ट में पैरों के निचले हिस्से में हल्की सूजन का जिक्र है, लेकिन साथ ही कहा गया है कि पिछले साल के मुकाबले उनकी स्थिति में सुधार हुआ है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article