दुनिया

PM मोदी ने जिनपिंग के सामने उठाया सीमा पार आतंकवाद का मुद्दा; क्या रहा चीन का रुख?

विदेश सचिव मिसरी ने प्रेस वार्ता में कहा, उन्होंने इस तथ्य को रेखांकित किया कि यह ऐसी चीज है जो भारत और चीन दोनों को प्रभावित करती है और इसलिए यह आवश्यक है कि हम एक-दूसरे को सहयोग प्रदान करें।

Image

SCO सम्मेलन में पीएम मोदी-जिनपिंग मुलाकात (PTI)

Cross Border Terrorism: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बातचीत के दौरान सीमा पार आतंकवाद पर चिंता जताई और इस समस्या से निपटने के लिए भारत और चीन के बीच सहयोग पर जोर दिया। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने सीमा पार आतंकवाद के मुद्दे को प्राथमिकता बताया। मोदी और जिनपिंग ने दिन में व्यापक चर्चा की, जिसमें द्विपक्षीय संबंधों को बहाल करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। दोनों देशों के बीच संबंध पूर्वी लद्दाख में चार साल से अधिक समय से जारी सीमा गतिरोध के कारण तनावपूर्ण हो गए थे।

एससीओ घोषणापत्र में शामिल हो सकता है आतंकवाद का मुद्दा

मिसरी ने प्रेस वार्ता में कहा, उन्होंने इस तथ्य को रेखांकित किया कि यह ऐसी चीज है जो भारत और चीन दोनों को प्रभावित करती है और इसलिए यह आवश्यक है कि हम एक-दूसरे को सहयोग प्रदान करें। और मैं कहूंगा कि हमें चीन का सहयोग प्राप्त हुआ है...। मिसरी की टिप्पणी को इस बात का संकेत माना जा रहा है कि एससीओ घोषणापत्र में, पाकिस्तान से उत्पन्न आतंकवाद की कुछ आलोचना या निंदा शामिल हो सकती है।

आतंकवादियों पर कार्रवाई में चीन डालता है बाधा

पाकिस्तान, चीन का सहयोगी रहा है और बीजिंग अतीत में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद द्वारा पाकिस्तान के कई आतंकवादियों को आतंकवादी घोषित कराने के भारत के प्रयासों में बाधा डाल चुका है। मिसरी ने कहा कि दोनों नेताओं ने आतंकवाद से संयुक्त रूप से लड़ने पर भी विचार विमर्श किया। यह पूछे जाने पर कि क्या प्रधानमंत्री मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले और मई में भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के दौरान पाकिस्तानी सेना द्वारा चीनी हथियार प्रणालियों के इस्तेमाल का मुद्दा उठाया, मिसरी ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया।

पीएम मोदी ने स्पष्ट तरीके से रखा मुद्दा

उन्होंने कहा, मैं बस इतना कहूंगा इस मुद्दे पर चर्चा हुई। यह मुद्दा प्रधानमंत्री ने उठाया और उन्होंने इस मुद्दे पर अपनी बात को बहुत ही स्पष्ट और विशिष्ट रूप से प्रस्तुत किया। मिसरी ने कहा, उन्होंने इस तथ्य को रेखांकित किया कि यह एक ऐसी समस्या है जिसके शिकार चीन और भारत दोनों रहे हैं और भारत अब भी इस समस्या का सामना कर रहा है। उन्होंने इस विशेष मुद्दे पर चीन से समर्थन मांगा। और, जैसा कि मैंने कहा चीन ने इस मुद्दे के समाधान के लिए विभिन्न तरीकों से अपना समर्थन दिया है। पीएम मोदी सात साल के अंतराल के बाद शनिवार को दो दिवसीय यात्रा पर चीन पहुंचे। वह शंघाई सहयोग संगठन के वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए चीन आए हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article