दुनिया

'रूस के साथ ही रहेगा क्रीमिया', ट्रंप बोले- रूसी भाषा बोलते हैं वहां के लोग; यूक्रेन को लेकर कही ये बड़ी बात

Russia Ukraine War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि क्रीमिया रूस के साथ रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वह यूक्रेन में युद्ध का अंत चाहते हैं। बता दें कि क्रीमिया दक्षिणी यूक्रेन में काला सागर के किनारे एक रणनीतिक प्रायद्वीप है। वर्ष 2014 में रूस ने इस पर कब्जा कर लिया था, जब बराक ओबामा अमेरिका के राष्ट्रपति पद पर थे।

Image

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप

Photo : AP

Russia Ukraine War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने कहा है कि क्रीमिया रूस के साथ रहेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वह यूक्रेन में युद्ध का अंत चाहते हैं। ट्रंप ने शुक्रवार को प्रकाशित एक साक्षात्कार में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की का जिक्र करते हुए कहा कि वह (जेलेंस्की) मौजूदा स्थिति को समझते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति ने मंगलवार को 'टाइम' पत्रिका को दिए साक्षात्कार में यह टिप्पणी की।

कहां स्थित है क्रीमिया?

ट्रंप, जेलेंस्की पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ वार्ता का विरोध करके युद्ध को लम्बा खींचने का आरोप लगाते रहे हैं। क्रीमिया दक्षिणी यूक्रेन में काला सागर के किनारे एक रणनीतिक प्रायद्वीप है। वर्ष 2014 में रूस ने इस पर कब्जा कर लिया था, जब बराक ओबामा अमेरिका के राष्ट्रपति पद पर थे।

ट्रंप ने क्या कुछ कहा?

ट्रंप ने कहा कि हम जिस अवधि की बात कर रहे हैं, उससे बहुत पहले से ही उनकी पनडुब्बियां वहां मौजूद हैं। क्रीमिया में लोग मुख्य रूप से रूसी भाषा बोलते हैं, लेकिन यह ओबामा ने दिया था। यह ट्रंप ने नहीं दिया था। ट्रंप ने साक्षात्कार में यह दावा करके लोगों को चौंका दिया कि उन्हें चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग का फोन आया था। यदि यह सच है, तो यह विश्व की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच शुल्क (टैरिफ) गतिरोध को लेकर एक उल्लेखनीय घटनाक्रम होगा।

पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रोम की यात्रा पर जाने के लिए व्हाइट हाउस से निकलते समय पत्रकारों से बात करते समय ट्रंप ने हालांकि इस बारे में कोई स्पष्ट बात नहीं कहीं। ट्रंप ने कहा कि मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहता। मैंने उनसे कई बार बात की है। चीनी विदेश मंत्रालय ने पहले इस बात से इनकार किया था कि कोई बातचीत हो रही है। राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद ने टिप्पणी के लिए किए गए अनुरोध का तुरंत जवाब नहीं दिया।

रूस ने यूक्रेन पर बरपाया कहर

इस बीच, रूस ने बमबारी जारी रखी है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि दक्षिण-पूर्वी यूक्रेन के एक शहर में एक अपार्टमेंट की इमारत पर ड्रोन से हमला किया गया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। स्थानीय प्रशासन के प्रमुख सेरही लिसाक ने ‘टेलीग्राम’ पर बताया कि यूक्रेन के निप्रॉपेट्रोस क्षेत्र के पाव्लोग्राद शहर में रात के समय हुए हमले में मरने वालों में एक बच्चा और 76 वर्षीय महिला शामिल है।

यूक्रेन की वायुसेना ने बताया कि रूसी सुरक्षा बलों ने बीती रात देश के छह क्षेत्रों में 103 शाहिद और डिकॉय ड्रोन से हमला किया। उत्तर-पूर्वी सूमी और खारकीव क्षेत्र के अधिकारियों ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान होने की जानकारी दी है, हालांकि किसी के हताहत होने की खबर नहीं दी है।

रूस ने बृहस्पतिवार को कीव पर कई घंटे बमबारी की थी, जिसमें कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई जबकि 87 लोग घायल हो गए। यह कीव पर जुलाई से अब तक सबसे घातक हमला था।

'व्लादिमीर, रुक जाइए...'

इस हमले के बाद ट्रंप ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फटकार लगायी थी। ट्रंप का कहना है कि वह युद्ध को समाप्त करने के अपने प्रयास में अंतिम चरण में पहुंच गए हैं। ट्रंप ने कहा था, ''मैं कीव पर रूसी हमलों से नाखुश हूं। इसकी जरूरत नहीं थी और समय भी खराब चुना गया। व्लादिमीर, रुक जाइए। एक सप्ताह में 5,000 सैनिक मर रहे हैं। आइए शांति समझौते को अंजाम तक पहुंचाएं।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article