भारत के सबसे महंगे घर की बात करें तो वह रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी का घर एंटेलिया है। देश के सबसे महंगे इलाकों में मुंबई का मालाबार हिल (Malabar Hill) और कफ परेड (Cuffe Parade), दिल्ली का कनॉट प्लेस (Connaught Place) और गुरुग्राम व बेंगलुरू के कुछ इलाकों का नाम लिया जाता है। लेकिन बात करें पड़ोसी देश नेपाल की तो, निश्चित तौर पर यहां सबसे महंगी प्रॉपर्टी राजधानी काठमांडू की घाटी में ही है। साल 2022 में छपी नेपाल राष्ट्रीय बैंक कि रिपोर्ट के अनुसार काठमांडू घाटी में प्रॉपर्टी के रेट सालाना 27.7 फीसद की दर से बढ़ रहे हैं। सिर्फ साढ़े तीन साल में ही प्रॉपर्टी का रेट डबल हो रहा है। यह तब है, जब नेपाल में लोगों की सैलरी औसतन 7.4 फीसद की दर से बढ़ती है।
नेपाल के मधेस प्रोविंस और वेस्ट प्रोविंस के तराई वाले इलाकों में भी प्रॉपर्टी के रेट बेतहाशा बढ़े हैं। इन इलाकों में हर दो से तीन साल में प्रॉपर्टी के रेट दोगुने हो रहे हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि बड़ी संख्या में पहाड़ी इलाकों से आकर लोग मैदानी इलाकों में बस रहे हैं। माना तो गया था कि साल 2015 के भूकंप के बाद काठमांडू में प्रॉपर्टी के रेट में गिरावट आएगी, लेकिन हुआ इसका उलट। दुनियाभर में कई जगहों से लोग पढ़ने और नौकरी की तलाश में काठमांडू आते हैं, जिसकी वजह से यहां प्रॉपर्टी के रेट बढ़े हैं।
एक सर्वे रिपोर्ट के अनुसार एक-तिहाई नेपाली लोगों ने अपने जन्मस्थान को छोड़ दिया है। नेपाल के बागमती प्रोविंस के लोगों ने सबसे ज्यादा पलायन किया है। आश्चर्यजनक बात यह है कि इसी बागमती प्रोविंस में काठमांडू भी आता है। यहां के 47.3 फीसद लोग हाल ही में दूसरी जगहों से यहां आकर बसे हैं, जबकि मूल निवासी कहीं और चले गए। विदेशों से आने वाले पैसे ने भी नेपाल में प्रॉपर्टी के रेट बेतहाशा बढ़ाए हैं।
हमारे पास 2022 का ही आंकड़ा है। इसके अनुसार हातिबन के एक अपार्टमेंट में 185 स्क्वायर मीटर का 2 BHK फ्लैट 85 लाख का बिक रहा था। जबकि एक औसत नेपाली सिविल सर्वेंट की सैलरी 36 हजार रुपये प्रतिमाह है। ऐसे में अगर गणना की जाए तो उसे इस फ्लैट को खरीदने के लिए अपनी लगभग 20 साल की पूरी सैलरी लगानी पड़ेगी।
ललितपुर में एक छोटा सा घर बनाने के लिए अगर आप जमीन का टुकड़ा खरीदना चाहें तो उसके लिए आपको 1.6 करोड़ रुपये खर्चने होंगे। इसके लिए उसी 36 हजार मासिक सैलरी वाले सिविल सर्वेंट को 37 साल तक अपनी सैलरी की एक-एक पाई जोड़नी पड़ेगी।
नेपाल की सबसे महंगी प्रॉपर्टीकाठमांडू में दरबार स्क्वायर बहुत ही मशहूर जगह है। साल 2022 में यहां दरबार मार्ग इलाके में 33 स्क्वायर मीटर (करीब 355 स्क्वायर फुट) की एक प्रॉपर्टी 9 करोड़ रुपये में बिकी। बता दें कि उस समय यह वैल्युएशन के लिहाज से दुनिया की सबसे महंगी डील में से एक थी।
