Attack in Pakistan: पाकिस्तान के अशांत खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को आतंकवादियों द्वारा एक पुलिस वैन पर घात लगाकर किए गए हमले में एक पुलिस कांस्टेबल और एक कैदी की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि यह हमला डेरा इस्माइल खान जिले के चौदवान थाना क्षेत्र में हुआ।
वैन पर घात लगाकर हुआ हमला
पुलिस ने बताया कि एक कैदी को सुनवाई के लिए अदालत ले जाते समय वैन पर घात लगाकर हमला किया गया। पुलिस ने बताया कि इस हमले में चौदवान पुलिस थाने के प्रभारी बाल-बाल बच गए। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के गवर्नर फैसल करीम कुंडी ने हमले पर चिंता व्यक्त की और वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी।
उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। कुंडी ने प्रांतीय सरकार की आलोचना की तथा इस घटना को कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आपराधिक लापरवाही बताया।
4 आतंकियों का सफाया
इससे पहले पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में खुफिया जानकारी पर आधारित अभियान में चार आतंकवादियों को मार गिराया था। सेना की मीडिया शाखा ने गुरुवार को एक बयान में बताया था कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी के आधार पर डेरा इस्माइल खान जिले के मद्दी में एक अभियान चलाया।
इसमें कहा गया था कि अभियान के दौरान, सैनिकों ने आतंकियों के ठिकाने का पता लगाकर चार आतंकवादियों को मार गिराया। इस भीषण गोलीबारी के दौरान एक सैनिक भी मारा गया।
