Chinmoy Krishna Das Lawyer Attacked: पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ (इस्कॉन) के प्रवक्ता राधारमण दास ने सोमवार को दावा किया कि बांग्लादेश में आध्यात्मिक नेता चिन्मय कृष्ण दास का एक कानूनी मामले में बचाव करने वाले अधिवक्ता रमन रॉय पर बर्बर हमला किया गया है और उनकी हालत बेहद गंभीर है। दास के अनुसार, पड़ोसी देश में कट्टरपंथियों ने रॉय के घर में घुसकर तोड़फोड़ की और उन पर हमला किया। उन्होंने कहा कि रॉय का एकमात्र कसूर था कि उन्होंने अदालत में चिन्मय कृष्ण दास का बचाव किया था।
वकील रमन रॉय पर जानलेवा हमला
इस्कॉन कोलकाता के प्रवक्ता ने दावा किया कि इस हमले में रॉय गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और वह फिलहाल आईसीयू में हैं। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में आईसीयू में भर्ती रॉय की एक तस्वीर साझा करते हुए कहा, कृपया अधिवक्ता रमन रॉय के लिए प्रार्थना करें। उनका सिर्फ यही कसूर था कि उन्होंने अदालत में चिन्मय कृष्ण प्रभु का बचाव किया था। वहां के कट्टरपंथियों ने उनके घर में तोड़फोड़ की और उन पर क्रूरतापूर्वक हमला किया। वह आईसीयू में भर्ती हैं और जिंदगी के लिए जूझ रहे हैं। बांग्लादेश के हिंदुओं को बचाओ। चिन्मय कृष्ण दास को रिहा करो।चिन्मय कृष्ण दास जेल भेजने पर हंगामा
बता दें कि बांग्लादेश की एक अदालत ने हिंदू संगठन ‘सम्मिलित सनातनी जोत’ के नेता चिन्मय कृष्ण दास ब्रह्मचारी की जमानत याचिका खारिज करते हुए उन्हें जेल भेजने का आदेश दिया था। चट्टगांव के छठे मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट काजी शरीफुल इस्लाम की अदालत ने देशद्रोह के आरोप में गिरफ्तार चिन्मय दास को जेल भेजा था। उन्हें जमानत नहीं मिलने पर उनके अनुयायियों ने अदालत परिसर में नारे लगाने शुरू कर दिए थे और खूब हंगामा मचा था। चिन्मय दास की गिरफ्तारी के बाद से भारत-बांग्लादेश संबंधों में तनाव आ गया है।
