दुनिया

चीन ने फिर किया सदाबहार दोस्त पाकिस्तान का खुलकर समर्थन, जिनपिंग के दूत ने की शहबाज और जरदारी से मुलाकात

रेडियो पाकिस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, चीनी राजदूत ने चीन और पाकिस्तान के बीच स्थायी और समय की कसौटी पर खरी उतरी मित्रता की पुष्टि की और इस रिश्ते को बहुत मजबूत बताया, जिन्होंने चुनौतीपूर्ण समय में हमेशा एक-दूसरे का समर्थन किया है।

Image

चीन ने किया पाकिस्तान का समर्थन

Photo : AP

China Supports Pakistan: पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भी चीन अपने सदाबहार दोस्त पाकिस्तान का खुलकर समर्थन कर रहा है। जब तक हमले का मामला ताजातरीन था, चीन चुप्पी साधे रहा और भारत-पाक को शांति की नसीहतें देता रहा, लेकिन मामला पुराना पड़ते ही उसने रंग दिखाने शुरू कर दिए। पहलगाम हमले को लेकर इस्लामाबाद और दिल्ली के बीच तनाव के बीच सोमवार को चीनी राजदूत जियांग जैदोंग ने पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी से मुलाकात की और कहा कि चीन दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए पाकिस्तान का हमेशा समर्थन करेगा।

जैदोंग ने राष्ट्रपति जरदारी से की मुलाकात

सरकारी रेडियो पाकिस्तान की रिपोर्ट के मुताबिक, जैदोंग ने राष्ट्रपति जरदारी से मुलाकात की और पाकिस्तान व भारत के बीच तनाव सहित विभिन्न मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया। बैठक के दौरान राष्ट्रपति जरदारी ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद भारत द्वारा हाल में उठाए गए कदमों पर चिंता व्यक्त की और कहा कि इस तरह की कार्रवाई क्षेत्रीय शांति और स्थिरता के लिए खतरा हैं।

रेडियो पाकिस्तान की रिपोर्ट के अनुसार, चीनी राजदूत ने चीन और पाकिस्तान के बीच स्थायी और समय की कसौटी पर खरी उतरी मित्रता की पुष्टि की और इस रिश्ते को बहुत मजबूत बताया, जिन्होंने चुनौतीपूर्ण समय में हमेशा एक-दूसरे का समर्थन किया है। उन्होंने पाकिस्तान का दृष्टिकोण साझा करने के लिए राष्ट्रपति जरदारी को धन्यवाद दिया और इस बात पर जोर दिया कि दक्षिण एशिया में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने की दोनों देशों की साझा इच्छा को पूरा करने के लिए चीन हमेशा पाकिस्तान का समर्थन करेगा। चीनी राजदूत ने गुरुवार को प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की थी, जिन्होंने पहलगाम हमले की निष्पक्ष जांच कराने के उनके प्रस्ताव का समर्थन करने के लिए चीन को धन्यवाद दिया।

भारत-पाकिस्तान के संबंध तनावपूर्ण

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संबंध और खराब हो गए हैं। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। भारत ने पिछले हफ्ते पाकिस्तान से आने वाले या वहां से गुजरने वाले माल के आयात और अपने बंदरगाहों पर पाकिस्तानी जहाजों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि दिल्ली आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ दृढ़ और निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।

यह ताजा कदम भारत द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ कई दंडात्मक उपायों की घोषणा के लगभग दो सप्ताह बाद उठाया गया है, जिसमें आतंकवादी हमले के बाद सिंधु जल संधि को निलंबित करना, अटारी में एकमात्र भूमि सीमा क्रॉसिंग का संचालन बंद करना और राजनयिक संबंधों को कम करना शामिल है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article