दुनिया

चीन के विदेश मंत्री कई दिनों से गायब, मशहूर टीवी जर्नलिस्ट के साथ करीबी संबंधों से जुड़ रहे तार

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Jul 21, 2023, 12:31 PM IST

किन गैंग को जकार्ता में आसियान की बैठक में शामिल होना था, लेकिन अब शीर्ष चीनी राजनयिक वांग यी इसमें शिरकत कर रहे हैं।

Image

Photo: Twitter@ChinaAmbinUS

Qin Gang Missing: चीन के विदेश मंत्री किन गैंग (Qin Gang) पर द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक रिपोर्ट ने हलचल मचा दी है। अखबार के अनुसार, चीन के विदेश मंत्री किन गैंग के लापता होने की अफवाहों ने गहन अटकलों को हवा दे दी है। उनके एक महिला पत्रकार के साथ कथित विवाहेतर संबंध बताए जा रहे हैं और उनकी गुमशुदगी के तार इसी से जुड़ते बताए जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि उनकी गौर-मौजूदगी के पीछे एक टेलीविजन शख्सियत के साथ उनके संबंध हो सकते हैं। हालांकि चीन ने कहा है कि उनका गायब होना स्वास्थ्य से जुड़ा मामला है। किन गैंग को जकार्ता में एसोसिएशन ऑफ साउथईस्ट एशियन नेशंस (आसियान) की बैठक में शामिल होना था, लेकिन अब शीर्ष चीनी राजनयिक वांग यी इसमें शिरकत कर रहे हैं।

25 जून को दिखे आखिरी बार

किन गैंग की आखिरी सार्वजनिक उपस्थिति 25 जून को रूस के विदेश मामलों के उप मंत्री रुडेंको आंद्रे युरेविच के साथ बैठक के दौरान थी। तब से वह लगभग तीन सप्ताह तक सार्वजनिक तौर पर नजर नहीं आए हैं। हांगकांग के एक अखबार ने पिछले सोमवार को खबर दी थी कि वह कोविड-19 से संक्रमित हो गए हैं।

फू जियाओटियन कौन है?

रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि हांगकांग स्थित फीनिक्स टीवी से जुड़ी एक प्रसिद्ध टेलीविजन पत्रकार फू शियाओटियन (Fu Xiaotian) के साथ विवाहेत्तर संबंध के कारण किन गैंग लापता है। किन गैंग और महिला रिपोर्टर की तस्वीरें और वीडियो हाल ही में ट्विटर पर खूब प्रसारित हुए हैं। सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के अनुशासन निरीक्षण के लिए केंद्रीय आयोग ने कथित तौर पर मंत्री से इस मामले के बारे में पूछा है। रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि फू जियाओटियन एक अमेरिकी नागरिक हैं और वह शादीशुदा हैं और उनका एक बच्चा भी है।

शी जिनपिंग के लिए चिंता की बात क्यों?

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अन्य वरिष्ठ राजनयिकों की तुलना में किन गैंग को विदेश मंत्री की भूमिका में पदोन्नत किया, लेकिन उनसे जुड़ी अफवाहों को दबाना चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। विदेश मंत्री जैसे अहम पद संभाल रहे व्यक्ति का इस तरह गायब हो जाना जिनपिंग पर भी सवाल पैदा कर रहा है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article