Heavy Rain in China: चीन के दक्षिण-पश्चिमी शहर चोंगकिंग में भारी बारिश के बाद हुए भीषण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) ने तबाही मचा दी। शुक्रवार सुबह पेंगशुई काउंटी के हानजिया सब-डिस्ट्रिक्ट में पहाड़ का बड़ा हिस्सा ढह जाने से अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 34 लोग लापता बताए जा रहे हैं। राहत दलों ने अब तक 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है, जबकि मलबे में फंसे अन्य लोगों की तलाश जारी है।
चीन में भारी बारिश बनी आफत, पहाड़ ढहने से 8 की मौत; 34 लोग अब भी लापता। AP
भूस्खलन के कारण पहाड़ की तलहटी में बने 10 से अधिक रिहायशी मकान मलबे में दब गए। भारी बारिश के चलते पूरे इलाके में बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। स्थानीय प्रशासन और आपदा राहत एजेंसियां मशीनों और विशेष बचाव दलों की मदद से लगातार राहत कार्य में जुटी हैं।
चीन सरकार ने घोषित किया आपातकाल
हादसे की गंभीरता को देखते हुए चीन के आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने भू-वैज्ञानिक आपदाओं के लिए लेवल-2 राष्ट्रीय आपातकाल लागू कर दिया है। वहीं, राष्ट्रीय आपदा राहत आयोग ने लेवल-4 राहत आपातकाल घोषित करते हुए विशेषज्ञों की टीम घटनास्थल पर भेजी है।
शी जिनपिंग ने दिए कार्रवाई के निर्देश
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अधिकारियों को वैज्ञानिक तरीके से राहत और बचाव अभियान चलाने, संभावित दूसरे भूस्खलन को रोकने, घायलों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और हादसे के कारणों की गहन जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने देशभर में भूस्खलन संभावित क्षेत्रों की निगरानी बढ़ाने और समय रहते चेतावनी प्रणाली को और मजबूत करने पर भी जोर दिया।
