chhath Puja 2023: बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों के लिए आस्था का सबसे बड़ा पर्व छठ अब देशभर ही नहीं दुनिया के कई देशों में मनाया जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाला यह अब अंतिम चरण की ओर बढ़ चला है। अमेरिका के कैलिफोर्निया में प्रवासी भारतीयों छठ पर्व मनाया। डूबते हुए सूर्य को अर्ध्य दिया गया। उधर देश भर में छठ मना रहे लोगों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने छठ पर्व पर शुभकामनाएं दीं। चार दिन तक चलने वाली छठ पूजा की शुरुआत 17 नवंबर को हुई। इस पर्व पर श्रद्धालु उपवास रखते हैं और भगवान भास्कर की आराधना के लिए नदियों और तालाबों के किनारे एकत्र होते हैं। छठ पर्व आमतौर पर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मनाया जाता है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि छठ पर्व सूर्य देवता की पूजा के साथ ही जल स्रोतों की आराधना करने का भी अवसर प्रदान करता है। उन्होंने ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा कि प्रकृति से जुड़ा यह पर्व हमें पर्यावरण के संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित करता है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम विकास और पर्यावरण में संतुलन बनाकर आगे बढ़ने का संकल्प लें। उपराष्ट्रपति धनखड़ ने कहा कि यह त्योहार भारतीय संस्कृति के शाश्वत मूल्यों और प्रकृति के साथ उसके अटूट संबंध का प्रतीक है। मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि भगवान भास्कर की पूजा हर किसी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करेगी। जय छठी मैय्या।
छठ उत्सव पर रविवार को दिल्ली में श्रद्धालु युमना पर बनाए गए अस्थायी घाट, कृत्रिम तालाबों से लेकर छत पर जलकुंडों तक में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। चार दिवसीय छठ उत्सव की शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरुआत हुई। इस दिन आमतौर पर श्रद्धालु घाट पर स्नान करते हैं और छठ अनुष्ठान करते हैं। श्रद्धालुओं ने शनिवार को खीर का प्रसाद तैयार कर 'खरना' मनाया। खीर का यह प्रसाद परिवार के सदस्यों और अन्य लोगों ने वितरित किया जाता है। छठ व्रती रविवार को अस्ताचलगामी (डूबते हुए) सूर्य को अर्घ्य देंगे। दिल्ली की राजस्व मंत्री आतिशी ने शनिवार को कहा कि सरकार ने पूरी दिल्ली में एक हजार से अधिक छठ घाट बनाए हैं ताकि शहर का कोई भी व्यक्ति यहां त्यौहार मना सके।
अधिकारियों ने बताया कि मयूर विहार फेज-3 में निर्मित अस्थायी घाटों के निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जिला प्रशासन और पुलिस को सभी घाटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। राजस्व मंत्री ने कहा कि दिल्लीवासियों और हमारे पूर्वांचल क्षेत्र के लोगों के लिए छठ एक महत्वपूर्ण त्यौहार है। इसलिए राज्य सरकार हर साल छठ के लिए एक वृहद उत्सव का आयोजन करती है।
