रूस और यूक्रेन के बीच युद्धविराम पर अमेरिकी प्रस्ताव सफल होता दिख रहा है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए कहा है कि इसके शर्तों पर अब बात होनी चाहिए। अमेरिका के प्रस्ताव में फिलहाल अस्थाई युद्धविराम की बात है।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन
ये भी पढ़ें- जो जेलेंस्की कभी रूस के साथ शांति पर अमेरिका को दिखा रहे थे आंख, वो अब सीमित युद्ध विराम की करने लगे बात
क्या बोले पुतिन
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने को कहा कि वह यूक्रेन में 30 दिन के संघर्ष विराम से जुड़े अमेरिकी प्रस्ताव से सैद्धांतिक रूप में सहमत हैं, लेकिन इसकी शर्तों पर काम करने की जरूरत है और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इससे स्थायी शांति बहाल होगी। पुतिन ने मॉस्को में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘इसलिए यह विचार अपने आप में सही है। हम निश्चित रूप से इसका समर्थन करते हैं। लेकिन ऐसे मुद्दे हैं जिन पर हमें चर्चा करने की आवश्यकता है और मुझे लगता है कि हमें अपने अमेरिकी सहयोगियों और साझेदारों के साथ इस पर चर्चा करने की आवश्यकता है।’’
पुतिन की शर्तें
उन्होंने संघर्ष विराम के संभावित उल्लंघनों को रोकने के लिए एक तंत्र विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक अन्य मुद्दा यह है कि क्या यूक्रेन 30-दिवसीय संघर्ष विराम का उपयोग लामबंदी और पुनः शस्त्रीकरण जारी रखने के लिए कर सकेगा। पुतिन ने कहा, ‘‘हम लड़ाई रोकने के प्रस्तावों से सहमत हैं, लेकिन हम इस धारणा के साथ आगे बढ़ते हैं कि संघर्ष विराम से स्थायी शांति आएगी और संकट के मूल कारणों को दूर किया जाएगा।’’
ट्रंप को किया धन्यवाद
पुतिन ने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि अमेरिका ने यूक्रेन को संघर्ष विराम स्वीकार करने के लिए राजी किया, लेकिन युद्ध के मैदान में स्थिति के कारण यूक्रेन इसमें रुचि रखता है। उन्होंने कहा कि रूस के कुर्स्क क्षेत्र में घुसपैठ करने वाले यूक्रेनी सैनिकों को आगामी दिनों में पूरी तरह से रोक दिया जाएगा। कुर्स्क में यूक्रेनी सैनिकों की मौजूदगी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘क्या वहां मौजूद सभी लोग बिना किसी लड़ाई के बाहर आ जाएंगे?’’पुतिन ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ‘‘यूक्रेन से जुड़े समझौते पर इतना ध्यान देने के लिए’’ धन्यवाद दिया।
भारत का भी किया धन्यवाद
उन्होंने चीन, भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के नेताओं को भी धन्यवाद दिया। रूस ने कहा है कि वह किसी भी संभावित संघर्ष विराम की निगरानी के लिए नाटो के किसी भी सदस्य देश से शांति सैनिकों को स्वीकार नहीं करेगा।
यूक्रेन भी तैयार
इससे पहले, अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप के एक दूत वाशिंगटन द्वारा प्रस्तावित 30 दिवसीय संघर्ष विराम पर वार्ता के लिए बृहस्पतिवार को मास्को पहुंचे, लेकिन एक वरिष्ठ रूसी अधिकारी ने कहा कि इस पहल से केवल यूक्रेन को ही लाभ होगा, क्योंकि इसकी थकी हुई और कम संख्या वाली सेना को इससे कुछ आराम मिल जाएगा। संघर्ष विराम के प्रस्ताव को यूक्रेन ने स्वीकार कर लिया है।
