Kohinoor crown : ब्रिटेन में किंग चार्ल्स तृतीय के ताजपोशी समारोह में उनकी पत्नी और ब्रिटेन की महारानी कैमिला कोहिनूर हीरा से जड़ा मुकुट नहीं पहनेंगी। किंग चार्ल्स तृतीय के राज्याभिषेक के लिए जिस मुकुट का चयन किया गया है उसमें कोहिनूर हीरा जड़ा हुआ नहीं होगा। इसे औपनिवेशिक काल का बताते हुए भारतीय समुदाय के लोग विरोध करते रहे हैं। इस कोहिनूर हीरे पर भारत अपना दावा करता रहा है। भारतीय समुदाय के विरोध को देखते हुए कैमिला ने क्वीन मैरी के ताज को पहनने का फैसला किया है। किंग चार्ल्स का राज्याभिषेक 6 मई को होगा।
ब्रिटेन की नई महारानी कैमिला
कैमिला ने ताजपोशी के लिए महारानी मैरी के ताज का चयन किया है। इसका अर्थ है कि उसमें दुनिया के सबसे बेशकीमती और बड़े कटे हुए हीरों में शामिल हीरे की केवल प्रतिकृति होगी। क्योंकि मूल हीरा महारानी एजिलाजेथ द्वितीय की मां- राजमाता महारानी एलिजाबेथ के ताज की शोभा बढ़ा रहा है। ब्रिटेन के शाही परिवार के आधिकारिक आवास बकिंघम पैलेस ने मंगलवार को कहा कि क्वीन मैरी क्राउन को 6 मई के समारोह के लिए टावर ऑफ लंदन में प्रदर्शनी से हटा दिया गया है।
स्काई न्यूज ने बताया कि कोहिनूर हीरा 105.6 कैरट का है, जो दुनिया के सबसे बड़े कटे हुए हीरों में से एक है और यह 1850 में महारानी विक्टोरिया को पेश किए जाने के बाद से शाही परिवार के गहनों के संग्रह का एक प्रमुख हिस्सा रहा है। आखिरी बार इस हीरे को राजमाता महामारी एलिजाबेथ ने पहना था, लेकिन 2022 में उनके निधन के बाद से इसे सार्वजनिक प्रदर्शनी के लिए रखा गया है।
कैमिला के ताज के चयन को कई प्रकार की अटकलें लगाई जा रही थी और कई रिपोर्ट में कहा गया था कि कैमिला की पसंद राजमाता महामारी एलिजाबेथ द्वारा पहना गया ताज हो सकती है। बहरहाल, ऐसा माना जा रहा है कि अंतिम चयन करते हुए कूटनीतिक पहलू को ध्यान में रखा गया। महाराजा चार्ल्स तृतीय, सेंट एडवर्ड का ताज पहनेंगे।
