रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस में होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन से पहले एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि ब्रिक्स संगठन किसी देश के खिलाफ नहीं है, यह पश्चिम विरोधी नहीं है। 22-24 अक्टूबर को रूस के शहर कज़ान में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन होगा। चीन, भारत और संयुक्त अरब अमीरात ने शुक्रवार को पुष्टि की कि उनके नेता कज़ान में होने वाले शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।
क्या बोले पुतिन
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपने देश में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से कुछ दिन पहले शुक्रवार को कहा कि यह समूह पश्चिम विरोधी नहीं है। उन्होंने कहा कि यह समूह के सदस्य भारत का रुख है। पुतिन ने विदेशी पत्रकारों के एक समूह के साथ बातचीत में कहा कि ब्रिक्स के दरवाजे नए सदस्यों के लिए बंद नहीं हैं। उन्होंने कहा कि जैसे-जैसे समूह विकसित होगा, गैर-सदस्य देशों को भी आर्थिक लाभ मिलेगा। पुतिन ने कहा- "ब्रिक्स का कभी किसी के खिलाफ़ होने का इरादा नहीं था। भारतीय प्रधानमंत्री ने इसे सही कहा है, उन्होंने कहा है कि ब्रिक्स पश्चिमी विरोधी समूह नहीं है, यह सिर्फ़ एक गैर-पश्चिमी समूह है, और यह बात सच है। ब्रिक्स किसी के विरोध में नहीं है। यह देशों का एक समूह है, जिनके विकास के लिए साझा मूल्य और लक्ष्य हैं।"
बढ़ सकते हैं ब्रिक्स के सदस्य
पुतिन ने कहा कि दुनिया भर के 30 देशों ने ब्रिक्स समूह के साथ सहयोग में रुचि व्यक्त की है और अगले सप्ताह होने वाले शिखर सम्मेलन में समूह के और विस्तार के लिए संभावित विकल्पों पर विचार किया जाएगा। पुतिन ने कहा- "दरवाज़े खुले हैं, हम किसी को नहीं रोक रहे।"
भारतीय फिल्मों के वितरण पर कही बड़ी बात
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने संकेत दिया कि रूस में भारतीय फिल्मों के वितरण को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही चर्चा हो सकती है। देश के भीतर भारतीय सिनेमा की लोकप्रियता के बारे में बोलते हुए पुतिन ने रूस और भारत के बीच मजबूत सांस्कृतिक संबंधों पर जोर दिया, रूसी दर्शकों के बीच भारतीय फिल्मों की सफलता का उल्लेख किया। पुतिन ने रूस में भारतीय सिनेमा के प्रति उत्साह को उजागर करते हुए कहा, "अगर हम ब्रिक्स सदस्य देशों को देखें, तो मुझे लगता है कि इस देश में भारतीय फिल्में सबसे लोकप्रिय हैं। हमारे पास एक विशेष टीवी चैनल है जिस पर चौबीसों घंटे भारतीय फिल्में दिखाई जाती हैं।"
चीन को लेकर क्या बोले पुतिन
उन्होंने अमेरिका पर चीन में विकास को रोकने की कोशिश करने का आरोप लगाया। पुतिन ने कहा कि यह सूरज से यह कहने जैसा है कि वह उगना बंद कर दे। यह पूछे जाने पर कि क्या यूक्रेन में युद्ध समाप्त होने की कोई समयसीमा है, पुतिन ने कहा कि कोई समयसीमा तय करना कठिन और प्रतिकूल होगा। उन्होंने कहा कि रूस विजयी होगा।
