Trump Tariffs: ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा ने कहा कि उनकी सरकार अमेरिका पर तत्काल जवाबी टैरिफ नहीं लगाएगी। साथ ही उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्यापार वार्ता में शामिल होने की अपील दोहराई। मौजूदा समय में ब्राजील को ट्रंप के 50 फीसदी वाले चाबुक का सामना करना पड़ रहा है, जो भारत को छोड़कर किसी भी देश पर लगाया गया सबसे अधिक टैरिफ है।
ब्राजील के राष्ट्रपति लुईज इनासियो लूला दा सिल्वा (फोटो साभार: AP)
क्या जवाबी कार्रवाई करेगा ब्राजील?
राष्ट्रपति लूला ने अमेरिका से व्यापार वार्ता की उम्मीद जताई है। हालांकि, ब्राजील के चैंबर ऑफ फॉरेन कॉमर्स (CAMEX) यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या स्थानीय कानून के तहत जवाबी उपाय लागू किए जा सकते हैं। लूला ने रेडियो इटाटियाया को दिए एक साक्षात्कार में कहा, ''यह एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें थोड़ा समय लगता है। हमें अमेरिका को बताना होगा कि हम भी उनके खिलाफ कार्रवाई कर सकते हैं, लेकिन मुझे कोई जल्दबाजी नहीं है। मैं बस बातचीत करना चाहता हूं।"
US के सामने झुकेगा नहीं ब्राजील
ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने CAMEX को यह पता लगाने को कहा कि क्या पारस्परिकता कानून का इस्तेमाल जवाबी कार्रवाई के लिए किया जा सकता है। लूला ने कहा कि मैंने यह कदम इसलिए उठाया, क्योंकि हमें इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाना है। अगर हम कानून के अनुसार आगे बढ़ते हैं तो इसमें एक साल लग जाएगा। लूला ने जोर देकर कहा कि ब्राजील अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन अपनी संप्रभुता से समझौता नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि फिलहाल, ब्राजील अमेरिका के साथ बातचीत के लिए तैयार है। अंतर महज इतना है कि ब्राजील को अमेरिका के आगे झुकने की जरूरत नहीं है।
