Boeing Spacecraft Starliner: अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन तक ले जाने वाला बोइंग का स्पेसक्राफ्ट स्टाइलाइनर धरती पर वापस लौट आया है। इसकी वापसी बिना अंतरिक्ष यात्रियों के हुई। यह स्पेसक्राफ्ट आज सुबह 9.31 बजे न्यू मेक्सिको के व्हाइट सैंड्स स्पेस हार्बर में उतरा। इस लैंडिंग पर दुनिया भर की नजरें टिकी हुई थीं। बता दें, स्पेसक्राफ्ट के थ्रस्टर में समस्या आने और हीलियम लीक होने के कारण वह अंतरिक्ष यात्रियों को धरती पर वापस लाने में नाकाम रहा। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के दो पायलट अब अगले साल तक आईएसएस पर ही रहेंगे।
धरती पर वापस लौट रहा स्टारलाइन स्पेसक्राफ्ट।
जानकारी के मुताबिक, इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन के हार्मोनी मॉड्यूल से अलग होने के बाद स्टारलाइनर ने 8.58 मिनट पर अपना डीऑर्बिट बर्न पूरा किया। इसके बाद जमीन पर लैंड होने में इसे 44 मिनट का वक्त लगा। बता दें, बोइंग का स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को जून के पहले सप्ताह में अंतरिक्ष में ले गया था। इसके बाद इसमें तकनीकी समस्या आ गई, जिसके बाद नासा (NASA) ने बिना क्रू के ही स्टारलाइनर को धरती पर वापस लाने की योजना बनाई और यह प्रक्रिया देर रात शुरू कर दी गई।
यहां देखें Starliner की वापसी का वीडियो:
