Israel-Hamas War: गत सात अक्टूबर को आतंकी संगठन हमास के लड़ाकों ने इजरायल के शहरों पर भीषण हमला किया। इन हमलों में 1400 लोगों की मौत हुई जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए। हमास के आतंकवादी करीब 200 लोगों को बंधक बनाकर अपने साथ गाजा ले गए। इजरायल के अलग-अलग स्थानों से जिन लोगों को अगवा किया गया उनमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे हैं। महिलाओं को अगवा कर उन्हें ले जाने के कई वीडियो सोशल मीडिया में सामने आए। इन्हीं महिलाओं में जर्मनी की एक टूटू कलाकार लड़की शानी लोउक भी थी। हमास के आतंकवादियों ने गाजा की सड़कों पर शानी की परेड निकाली थी। अब इस लड़की का शव मिला है। इजरायल ने सोमवार को शानी की पहचान उजागर की।
इजरायल के म्यूजिक कार्यक्रम में हुई थी शामिल
इजरायल ने शानी के मारे जाने की पुष्टि की। बता दें कि शानी इजरायल में एक म्यूजिक उत्सव में शामिल हुई थी। हमास के आतंकवादियों ने इस कार्यक्रम को भी निशाना बनाया था। शानी के अगवा होने के बाद उसकी मां अपनी बेटी के बारे में जानकारी देने के लिए लोगों से अपील की थी।
'हमारा हृदय छलनी हो गया है'
इजरायल की सरकार ने अपने एक ट्वीट में कहा, 'हमास के आतंकवादियों ने एक म्यूजिक उत्सव कार्यक्रम से शानी को अगवा किया गया। अगवा करने के बाद उस पर अत्याचार हुए और गाजा की सड़कों पर उसे घुमाया गया। उसके साथ भयानक ज्यादती हुई। हमारा हृदय छलनी हो गया है। अब उसकी यादें ही हमारे साथ हैं।'
गाजा में शानी के क्रेडिट कार्ड का हुआ इस्तेमाल-परिवार
इजरायल में जिस म्यूजिक कार्यक्रम में शानी शामिल हुई थी, बताया जाता है कि वह पहला स्थान था जहां हमास के आतंकवादियों ने सबसे पहले हमला किया। यहां से उसे अगवा करने के बाद आतंकी उसे लेकर गाजा गए। गाजा में शानी को एक पिकअप ट्रक के पीछे बिठाकर सड़कों पर घुमाया। शानी के परिवार ने कहा था कि उन्हें बैंक से जानकारी मिली कि गाजा में उसके क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल हुआ।
