दुनिया

अमेरिका में भारतीय छात्रों पर टूट रहा कहर, एक और छात्र का मिला शव, एक की बेरहमी से पिटाई और लूट

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 7, 2024, 05:58 PM IST

रविवार से भारतीय छात्रों पर हमले की एक के बाद एक घटनाएं सामने आई हैं और अकेले 2024 में ही ऐसी छह घटना दर्ज की गई है।

Image

नील आचार्य, विवेक सैनी, मजहर अली (बाएं से दाएं)

Indian Student in USA Attacked: अमेरिका में भारतीय छात्रों पर एक के बाद एक हमले की परेशान करने वाली घटनाएं सामने आ रही हैं। इंडियाना राज्य में स्थित प्रतिष्ठित पर्ड्यू विश्वविद्यालय में डॉक्टरेट की पढ़ाई कर रहा एक भारतीय छात्र मृत पाया गया है जबकि शिकागो शहर में आईटी की पढ़ाई कर रहे एक और भारतीय छात्र के साथ बेरहमी से मार-पीट की गई। रविवार से भारतीय छात्रों पर हमले की एक के बाद एक घटनाएं सामने आई हैं और अकेले 2024 में ही ऐसी छह घटना दर्ज की गई है।

मृत पाया गया छात्र समीर कामथ

विश्वविद्यालय की स्वतंत्र समाचार एजेंसी ‘द पर्ड्यू एक्स्पोनेंट’ के अनुसार, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में डॉक्टरेट की पढ़ाई कर रहा समीर कामथ (23) सोमवार को वारेन काउंटी में मृत पाया गया। एजेंसी ने वारेन काउंटी के कोरोनर जस्टिन ब्रमेट के हवाले से बताया कि कामथ का शव क्रोज ग्रोव में पाया गया। मैसाच्युसेट्स विश्वविद्यालय, एमहर्स्ट से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में स्नातक की डिग्री लेने के बाद कामथ ने 2021 में पर्ड्यू विश्वविद्यालय में दाखिला लिया। उसे 2025 में डॉक्टरेट की उपाधि मिलनी थी।

भारतीय छात्र की पिटाई और लूट

वहीं, एक अन्य घटना में अमेरिका के शिकागो शहर में आईटी की पढ़ाई कर रहे भारतीय छात्र सैयद मजाहिर अली के साथ उसके घर के समीप अज्ञात लोगों ने बेरहमी से मार-पीट की। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में चार फरवरी की रात को तीन लोगों को सैयद मजाहिर अली का पीछा करते देखा गया। एक्स पर पोस्ट एक अलग वीडियो में अली की नाक और चेहरे से खून निकलते हुए और उसके कपड़ों पर खून के धब्बे देखे जा सकते हैं। करीब छह महीने पहले हैदराबाद से अमेरिका आए अली ने एबीसी7 आईविटनेस न्यूज को बताया कि एक हमलावर ने उस पर बंदूक तानी थी।

तीन हमलावरों ने दिया अंजाम

वीडियो फुटेज में अली रात को अपने घर की ओर पैदल जाते हुए देखा गया और उसके हाथ में एक पैकेट था,इस दौरान तीन पुरुष उसका पीछा कर रहे थे। अली ने कहा कि हमलावरों ने उसे आंख और नाक, पसलियों और कमर पर मुक्के मारे। एबीसी7 की खबर में कहा गया है कि उसे एक स्थानीय अस्पताल में ले जाया गया जहां उसका इलाज किया गया। एक्स पर मिली जानकारी के अनुसार, अली इंडियाना वेस्लेयान यूनिवर्सिटी से सूचना प्रौद्योगिकी में परास्नातक कर रहा है। उसने कहा कि वह इस हमले को भुला नहीं पाएगा। उसने चैनल से कहा, अमेरिका मेरे सपनों का देश रहा है और मैं यहां अपने सपने पूरे करने और परास्नातक की पढ़ाई करने के लिए आया हूं। इस घटना से मुझे सदमा लगा है।

खबर में कहा गया है कि पुलिस ने किसी संदिग्ध को हिरासत में नहीं लिया है और मामले की जांच की जा रही है। शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूत ने एक्स पर कहा कि महावाणिज्य दूत सैयद मजाहिर अली और भारत में उनकी पत्नी सैयदा रुकैया फातिमा रिजवी के संपर्क में है तथा उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है। दूतावास ने मामले की जांच कर रहे स्थानीय प्राधिकारियों से भी संपर्क किया है। अली की पत्नी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर से उन्हें अपने तीन नाबालिग बच्चों के साथ अमेरिका आने में मदद करने का अनुरोध किया है।

कई छात्रों की हुई मौत

बीते सप्ताह ओहायो राज्य में लिंडनर स्कूल ऑफ बिजनेस का 19 वर्षीय छात्र श्रेयस रेड्डी बेनिगर मृत पाया गया। हालांकि, स्थानीय प्राधिकारियों ने किसी साजिश की आशंका से इनकार किया है। इंडियाना के पर्ड्यू विश्वविद्यालय का ही एक और भारतीय छात्र नील आचार्य 28 जनवरी को लापता होने के कुछ दिन बाद मृत पाया गया। इस घटना से कुछ दिन पहले ही जॉर्जिया के लिथोनिया शहर में एक नशेडी ने 25 वर्षीय भारतीय छात्र विवेक सैनी की हथौड़े से वार कर हत्या कर दी थी। पिछले महीने इलिनॉय अर्बाना-शैंपेन विश्वविद्यालय में 18 वर्षीय अकुल बी. धवन मृत पाया गया था। उसमें हाइपोथर्मिया के लक्षण पाए गए थे। (Bhasha Input)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!