Bilawal Bhutto on Pakistan Politics: पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने अपने ही देश की राजनीतिक व्यवस्था पर ऐसा तंज कसा है, जिसकी चर्चा हो रही है। उन्होंने पाकिस्तान के राजनीतिक इतिहास पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यहां जो भी प्रधानमंत्री बनता है, उसे जेल जाना पड़ता है और जो जेल से बाहर आता है, वह प्रधानमंत्री आवास पहुंच जाता है।
बिलावल भुट्टो ने इमरान खान का जिक्र कर शहबाज सरकार से पूछे सवाल। AP
उन्होंने शहबाज शरीफ सरकार से पूछा कि आखिर कब तक सरकार इस तरह से इमरान खान को जेल में रखेगी। कभी न कभी तो इन्हें छोड़ना ही होगा।
'बदला लेने की परंपरा कब होगी खत्म'
बिलावल भुट्टो ने 17 नवंबर को कराची प्रेस क्लब में 'मीट द प्रेस' कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान की राजनीति पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा, "यह कितना अजीब देश है। 1947 से जो भी प्रधानमंत्री बनता है, वह जेल चला जाता है और जो जेल से बाहर आता है, वह प्रधानमंत्री आवास में बैठ जाता है।"
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पाकिस्तान के इतिहास में जेल जाने वाले सभी प्रधानमंत्री चोर थे या फिर वे राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार हुए? बिलावल ने कहा कि राजनीतिक बदले की इस परंपरा को खत्म करना होगा। उन्होंने कहा कि राजनीतिक कैदियों को आज नहीं तो कल रिहा करना ही होगा। आखिर आप कितना बदला लेंगे?
इमरान खान को लेकर क्या बोले बिलावल भुट्टो?
उन्होंने कहा कि इमरान खान और उनकी पार्टी पीटीआई पाकिस्तान की राजनीति की वास्तविकता हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें इमरान खान पसंद हों या नहीं, लेकिन देश उनकी पार्टी को नजरअंदाज करके आगे नहीं बढ़ सकता।
उन्होंने कहा कि सरकार को पीटीआई का भरोसा जीतना होगा और उसकी राजनीतिक भूमिका को स्वीकार करना होगा। बिलावल ने यह भी माना कि PTI से भी गलतियां हुई हैं, लेकिन राजनीतिक बातचीत और सहमति के बिना व्यवस्था को आगे बढ़ाना मुश्किल होगा। गौरतलब है कि इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। वह 2018 से 2022 तक पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे थे।
बिलावल ने पाकिस्तान की राजनीतिक व्यवस्था में व्यापक सुधार की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि विपक्ष का संसद पर भरोसा बहाल करना जरूरी है। इसके लिए चुनावी सुधार, न्यायिक व्यवस्था में सुधार और राजनीतिक दलों के बीच बातचीत होनी चाहिए।
