दुनिया

ईरान ने 10 भारतीय नाविकों को किया रिहा, जल्द होगी वतन वापसी; 10 महीने से जेल में थे कैद

ईरान ने जुलाई 2025 से हिरासत में रखे गए 10 भारतीय नाविकों को आखिरकार रिहा कर दिया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नाविकों को जल्द से जल्द भारत वापस लाने की तैयारियां तेज हो गई हैं।

Image

नाविकों की जल्द होगी भारत वापसी (फाइल फोटो)

Photo : AP

ईरान ने जुलाई 2025 से हिरासत में रखे गए 10 भारतीय नाविकों को आखिरकार रिहा कर दिया। भारत सरकार के डायरेक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग ने एमवी हार्बर फिनिक्स में मौजूद 10 भारतीय नाविकों की सफल रिहाई का ऐलान किया है। ये नाविक जुलाई 2025 में ईरान के जस्क पोर्ट के पास जहाज रोके जाने के बाद हिरासत में लिए गए थे और बाद में उन्हें जेल भेज दिया गया था।

जानकारी के मुताबिक, जुलाई 2025 में ईरान के जस्क पोर्ट के पास जहाज को रोके जाने के बाद इन भारतीय नाविकों को हिरासत में लिया गया था। बाद में उन्हें जेल भेज दिया गया था, जिसके बाद उनके परिवार लगातार उनकी सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे थे।

सरकार ने बताया कि विदेश मंत्रालय, पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय, तेहरान स्थित भारतीय दूतावास, जहाज प्रबंधन कंपनी और अन्य संबंधित एजेंसियों ने मिलकर लगातार कूटनीतिक प्रयास किए। इन्हीं कोशिशों का नतीजा है कि सभी नाविकों की सुरक्षित रिहाई संभव हो सकी।

जल्द होगी वतन वापसी

बताया जा रहा है कि सभी नाविक अब सुरक्षित रूप से रिहा हो चुके हैं और उन्हें जल्द से जल्द भारत वापस लाने की तैयारियां तेज हो गई हैं। हालांकि, उनकी गिरफ्तारी के कारणों और जहाज से जुड़ी विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है। डायरेक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग ने कहा कि दुनिया के किसी भी हिस्से में काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा और कल्याण सरकार की प्राथमिकता है।

शिप ट्रैकिंग वेबसाइट्स के मुताबिक, एमवी हार्बर फिनिक्स, 'पलाऊ' के झंडे वाला एक ऑयल टैंकर है। इस पूरे मामले में भारत सरकार ने सार्वजनिक बयानबाजी से बचते हुए शांत कूटनीतिक रणनीति अपनाई। माना जा रहा है कि इसी संयमित बातचीत और लगातार राजनयिक प्रयासों के जरिए नाविकों की रिहाई का रास्ता आसान हो पाया।

सनद रहे कि ईरानी सुरक्षा बल अक्सर खाड़ी क्षेत्र में ऐसे जहाजों को रोकते रहे हैं, जिन पर अवैध रूप से ईंधन ले जाने का आरोप होता है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article