दुनिया

BBC के चेयरमैन रिचर्ड शार्प ने दिया इस्तीफा, बोरिस जॉनसन को कर्ज दिलाने से जुड़ा है मामला

  • Edited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 28, 2023, 05:40 PM IST

बीबीसी के प्रमुख की नियुक्ति ब्रिटेन सरकार की सिफारिश पर की जाती है। रिचर्ड शार्प की भी नियुक्ति इसी के तहत की गई थी, लेकिन इनकी सिफारिश से पहले 2021 में इन्होंने तत्कालीन प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन के लिए कर्ज की व्यवस्था करने में मदद की थी। इस खुलासे के बाद से शार्प सवालों के घेरे में थे।

Image

बीबीसी के चेयरमैन रिचर्ड शार्प ने दिया इस्तीफा

Photo : AP

ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन को कर्ज दिलाने में मदद के आरोपों का सामना कर रहे बीबीसी के चेयरमैन रिचर्ड शार्प ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। मिली जानकारी के अनुसार बीबीसी के प्रमुख रिचर्ड शार्प ने जॉनसन को ऋण की सुविधा दिलाने में अपनी भागीदारी का ठीक से खुलासा नहीं करने को लेकर आई एक रिपोर्ट के बाद शुक्रवार को इस्तीफा दे दिया।

हुई थी जांच

रिचर्ड शार्प को लेकर हुए खुलासे को लेकर जांच की गई थी, जिसमें उनके खिलाफ लगे आरोप सही पाए गए थे। बैरिस्टर एडम हेप्पिन्स्टॉल के नेतृत्व में की गयी स्वतंत्र समीक्षा में शार्प की नियुक्ति और जॉनसन को 8 लाख पाउंड का ऋण दिलाने में उनकी संलिप्तता की पड़ताल की गयी थी।

शार्प ने क्या कहा

शार्प ने एक बयान में कहा- "हेप्पिन्स्टॉल का मत है कि मैंने सरकारी नियुक्तियों के लिए शासन संहिता का उल्लंघन किया, वहीं उनका कहना है कि उल्लंघन से कोई नियुक्ति आवश्यक रूप से अवैध नहीं हो जाती। वास्तव में, मैंने हमेशा यह कहा है कि उल्लंघन अनजाने में हुआ था। फिर भी, मैंने तय किया है कि बीबीसी के हितों को प्राथमिकता देना सही है। मुझे लगता है कि अगर मैं अपने कार्यकाल के अंत तक इस पद पर बना रहा तो यह मामला अच्छे काम से ध्यान भटकाने वाला हो सकता है। इसलिए मैंने आज सुबह बीबीसी के अध्यक्ष के रूप में विदेश मंत्री और बोर्ड को इस्तीफा दे दिया है।"

कैसे होती है बीबीसी प्रमुख की नियुक्ति

बीबीसी प्रमुख की नियुक्ति सरकार की सिफारिश पर की जाती है। रिचर्ड शार्प की भी सिफारिश सरकार की तरफ से की गई थी। शार्प ने अपनी सिफारिश से पहले और बीबीसी अध्यक्ष पद पर नियुक्त होने से कुछ हफ्ते पहले, 2021 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जॉनसन के लिए ऋण की व्यवस्था करने में मदद की थी। इस खुलासे के बाद से ब्रिटिश सरकार द्वारा वित्तपोषित राष्ट्रीय प्रसारणकर्ता बीबीसी आलोचनाओं का सामना कर रहा है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article