Bangladesh Fire: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां गुरुवार रात एक सात मंजिला इमारत में आग लग गई। यह आग इतनी तेज भी कि लोगों को बचने का मौका नहीं मिला और 43 लोग जिंदा जल गए। बांग्लादेश के स्वास्थ्य मंत्री ने बताया है कि 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज किया जा रहा है।
बांग्लादेश में भीषण आग से 43 की मौत
बांग्लादेश के स्वास्थ्य मंत्री सामंत लाल सेन ने बताया कि ढाका मेडिकल कॉलेज और बर्न अस्पताल में अब तक 43 लोगों की मौत हो चुकी है। कम से कम 40 लोगों का इलाज किया जा रहा है, उन्होंने बताया कि कुछ लोग गंभीर रूप से जल चुके हैं, ऐसे में मृतकों की संख्या में भी इजाफा हो सकता है।
बिरयानी रेस्टोरेंट में फैली आग
बांग्लादेश के अग्निशमन विभाग के अधिकारी मोहम्मद शिहाब ने बताया कि ढाका के बेली रोड के पासा सात मंजिला इमारत में एक लोकप्रिय बिरयानी रेस्तरां में आग लगी। उन्होंने बताया कि करीब 9 बजकर 50 मिनट पर आग लगी, जिसकी बाद देखते ही देखते यह आग ऊपर की तीन मंजिलों में फैल गई। उन्होंने बताया कि आग इतनी भीषण भी कि लोगों को बच निकलने का मौका ही नहीं मिला और कई लोग जिंदा जल गए। करीब दो घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। अग्निशमन विभाग के एक बयान में कहा गया है कि इस दर्दनाक घटना में 75 लोगों को जिंदा बचाया जा सका।
लोगों को नहीं मिला बचने का मौका
राजधानी ढाका में जिस समय यह हादसा हुआ, बड़ी संख्या में लोग इमारत के अंदर मौजूद थे। आग तेजी से ऊपर की तीन मंजिलों में फैल गई, जिस कारण लोगों को बचने का मौका ही नहीं मिला। लोग घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोग आग की चपेट में आए। इस हादसे की कई दर्दनाक तस्वीरें भी सामने आई हैं।
