दुनिया

Bangladesh Flood: पहले विद्रोह में जला और अब बाढ़ में डूबा बांग्लादेश, 59 की मौत, 50 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित

Bangladesh Flood: बांग्लादेश में 11 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। बांग्लादेश के डेल्टा क्षेत्र और ऊपरी भारतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ से बांग्लादेश करीब दो सप्ताह से प्रभावित है।

Image

बांग्लादेश में बाढ़ से स्थिति खराब

Photo : AP
KEY HIGHLIGHTS
  • बांग्लादेश में बाढ़ से मची तबाही
  • बाढ़ से लाखों लोग प्रभावित
  • दर्जनों लोगों की मौत

Bangladesh Flood: बांग्लादेश में फिलहाल कुछ अच्छा होता नहीं दिख रहा है। पहले सत्ता के लिए हुए विद्रोह में बांग्लादेश जला और अब वहां बाढ़ के कारण तबाही मची है। बाढ़ के कारण दर्जनों लोगों की मौत हो चुकी है तो वहीं लाखों लोग घरबार छोड़ने को मजबूर हैं।

11 जिले बाढ़ की चपेट में

पीटीआई के अनुसार बांग्लादेश में आई विनाशकारी बाढ़ से देश के 11 जिलों में करीब 54 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं, बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में छह महिलाओं और 12 बच्चों सहित कम से कम 59 लोगों की मौत हो गई है। आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्रालय ने बाढ़ की स्थिति पर अद्यतन जानकारी देते हुए बताया कि सबसे अधिक मौतें कुमिल्ला और फेनी जिलों में हुई हैं, जो कि भारत के पूर्वोत्तर भाग में त्रिपुरा की सीमा से सटे हैं। मंत्रालय के मुताबिक दोनों जिलों में क्रमशः 14 और 23 लोगों की मौत हुई है।

बांग्लादेश में क्यों आई बाढ़

बांग्लादेश के डेल्टा क्षेत्र और ऊपरी भारतीय क्षेत्रों में भारी बारिश की वजह से आई बाढ़ से बांग्लादेश करीब दो सप्ताह से प्रभावित है। इसकी वजह से लोगों और मवेशियों की मृत्यु हुई, हजारों लोगों केा विस्थापित होना पड़ा है एवं संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। देश में राजनीतिक परिवर्तन के बीच नवगठित अंतरिम सरकार के लिए यह एक बड़ी प्रशासनिक चुनौती के रूप में उभरी है।

54,57,702 लोग प्रभावित

सरकारी समाचार एजेंसी बांग्लादेश संगबाद संघथा (बीएसएस) ने आपदा प्रबंधन एवं राहत मंत्रालय के अधिकारियों के हवाले से बताया कि बाढ़ से 11 जिलों के 504 यूनियन और नगर पालिकाओं में 54,57,702 लोग प्रभावित हुए हैं। करीब सात लाख परिवार अभी भी बाढ़ में फंसे हुए हैं, जबकि करीब चार लाख लोग 3,928 राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं। खबर के मुताबिक कुल 36,139 मवेशियों को भी वहां आश्रय दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि जैसे-जैसे स्थिति में सुधार हो रहा है, लोग घर लौट रहे हैं, जबकि बाढ़ प्रभावित जिलों में संचार व्यवस्था सामान्य हो गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मूसलाधार बारिश के अलावा, उफनती नदियां, अल नीनो और जलवायु परिवर्तन की घटनाएं देश में विनाशकारी बाढ़ के लिए जिम्मेदार हैं।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article