पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर गैस इंफ्रास्ट्रक्चर को निशाना बनाया गया है। सिबी जिले के बाहरी इलाके में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने मुख्य गैस पाइपलाइन में विस्फोट कर दिया, जिसके बाद आसपास के कई इलाकों में गैस सप्लाई बाधित हो गई। यह घटना क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
गैस पाइपलाइन। (सांकेतिक)
विस्फोट से लगी पाइपलाइन में आग
स्थानीय मीडिया और डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, ये घटना गुरुवार देर रात तब हुई जब करीब चार इंच डायमीटर वाली गैस पाइपलाइन में जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट के तुरंत बाद पाइपलाइन में आग लग गई, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। घटना के बाद सुई सदर्न गैस कंपनी (एसएसजीसी) के इंजीनियरों ने तुरंत प्रभावित लाइन से गैस सप्लाई बंद कर दी, ताकि और नुकसान को रोका जा सके।
किसने किया हमला लगाया जा रहा पता
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस, सुरक्षा बल और अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, विस्फोट के पीछे किसका हाथ है और इसका उद्देश्य क्या था, इसकी जांच जारी है। घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं और फॉरेंसिक टीम भी जांच में जुटी है।
यह पहली बार नहीं है जब बलूचिस्तान में गैस पाइपलाइन को निशाना बनाया गया हो। इससे कुछ दिन पहले वेस्टर्न बाईपास इलाके में 18 इंच डायमीटर की मुख्य पाइपलाइन पर भी इसी तरह का हमला हुआ था। उस घटना के बाद क्वेटा समेत कई जिलों में गैस सप्लाई पूरी तरह ठप हो गई थी।
इन इलाकों में गैस संकट
ताजा हमले के कारण हजारा टाउन, पिशिन, जियारत, कलात, मस्तुंग, हजारगंजी, खैजी, नोहसर और कुचलक जैसे कई इलाकों में गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है। SSGC के प्रवक्ता के अनुसार, पाइपलाइन का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है और सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद ही मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। एहतियात के तौर पर क्वेटा में गैस सुविधाओं पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
इस बीच, 9 अप्रैल को तुर्बत में भी सुरक्षा बलों पर हमला हुआ था। द बलूचिस्तान पोस्ट के अनुसार, हथियारबंद समूह ने पहले सड़क को कई घंटों तक ब्लॉक किया और फिर एक पुलिस पोस्ट पर कब्जा कर हथियार लूट लिए।
