दुनिया

ऑस्ट्रेलिया-इंडोनेशिया में नजर आया दुर्लभ सूर्य ग्रहण, साफ दिखा ‘कोरोना’, बुध-बृहस्पति के भी हुए दर्शन

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Apr 20, 2023, 05:29 PM IST

सूर्य ग्रहण देखने के लिए एक्समाउथ में अंतरराष्ट्रीय पर्यटक पिछले कई दिनों से जुट रहे थे। ये लोग ग्रहण का नजारा लेने के लिए अपने साथ दूरबीन, कैमरे और अन्य उपकरण लेकर पहुंचे।

Image

ऑस्ट्रेलिया-इंडोनेशिया में नजर आया दुर्लभ सूर्य ग्रहण

Photo : AP

Solar Eclipse: ऑस्ट्रेलिया के तटीय शहर एक्समाउथ में गुरवार को तड़के दुर्लभ सूर्य ग्रहण नजर आया, जिसे देखने करीब 20,000 लोग जुटे। सूर्य ग्रहण के कारण करीब एक मिनट तक उत्तर पश्चिमी तट पर दिन में अंधेरा छाया रहा। तीन हजार से कम निवासियों वाले इस दूरस्थ पर्यटक शहर को ग्रहण देखने के लिए ऑस्ट्रेलिया में सबसे अच्छे गंतव्य में से एक के रूप में प्रचारित किया गया था, जो इंडोनेशिया और ईस्ट तिमोर के हिस्सों से भी जुड़ा है।

सूर्य ग्रहण देखने के लिए उमड़ी भीड़

सूर्य ग्रहण देखने के लिए एक्समाउथ में अंतरराष्ट्रीय पर्यटक पिछले कई दिनों से जुट रहे थे। ये लोग ग्रहण का नजारा लेने के लिए अपने साथ दूरबीन, कैमरे और अन्य उपकरण लेकर पहुंचे। अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के खगोलशास्त्री हेनरी थ्रूप भी सूर्य ग्रहण देखने एक्समाउथ पहुंचे। ग्रहण के बाद हेनरी ने कहा, अविश्वसनीय नजारा है। इतना तेज, इतना चमकीला। सूर्य के आसपास ‘कोरोना’ स्पष्ट नजर आ रहा है। केवल एक ही मिनट लंबा था लेकिन वास्तव में यह लंबे समय का और अद्भुत अहसास करा गया।

उन्होंने कहा, दिलचस्प बात है कि जब हम लोग ग्रहण देख रहे थे, तभी हमने बृहस्पति और बुध ग्रहों को भी स्पष्ट देखा। दिन में बुध का दिखना बहुत ही दुर्लभ है। बता दें कि ‘कोरोना’ सूर्य के वातावरण का सबसे बाहरी हिस्सा है। कोरोना आमतौर पर सूर्य की सतह के तेज प्रकाश से छिपा रहता है। इसे विशेष उपकरणों का उपयोग किए बिना देखना मुश्किल होता है। हालांकि, कोरोना को पूर्ण सूर्य ग्रहण के दौरान देखा जा सकता है।

ग्रहण के दौरान तापमान काफी गिर गया

सूर्य ग्रहण देखने के लिए उत्साहित जूली कॉप्सन करीब 1,000 किलोमीटर का सफर तय करके फ्रेमेंटल शहर से एक्समाउथ पहुंचीं। उन्होंने कहा, मैं काफी भावुक महसूस कर रही हूं। ग्रहण के दौरान तापमान काफी गिर गया था। ग्रहण के दौरान तापमान में अचानक पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई, जो इससे पहले करीब 29 डिग्री सेल्सियस था।

वहीं, इंडोनेशिया की राजधानी में आंशिक ग्रहण देखने के लिए जकार्ता तारामंडल में सैकड़ों लोग पहुंचे। अजका अजहरा (21) दूरबीन के जरिये सूर्य ग्रहण को करीब से देखने के लिए अपनी बहन और दोस्तों के साथ आईं थीं। उन्होंने कहा, बादल छाए रहने के बावजूद मैं अभी भी यहां आकर खुश हूं। यह देखकर खुशी हुई कि कैसे पूर्ण उत्साह के साथ लोग यहां ग्रहण देखने आए हैं क्योंकि ऐसा बहुत कम होता है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article