Muizzu on Republic Day 2024: मालदीव के राष्ट्रपति मुइजू (Maldives President Mohamed Muizzu) को तल्खियों के बीच सदियों पुरानी दोस्ती की याद आई है और उन्होंने भारत के गणतंत्र दिवस पर भारत को बधाई दी है, मालदीव के राष्ट्रपति ने भारत के नाम अपने बधाई संदेश में सदियों पुरानी दोस्ती को याद किया है।
वहीं मालदीव के पूर्व राष्ट्रपति इब्राहिम सोलिह ने भी 75वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भारत को बधाई दी और उन्होंने दोनों देशों के बीच अटूट रिश्ते को बढ़ाने की आशा व्यक्त की। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि भारत के 75वें गणतंत्र दिवस के खुशी के अवसर पर मैं राष्ट्रपति मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, सरकार और भारत के लोगों को शुभकामनाएं देता हूं।
'भारत और लोगों के लिए निरंतर शांति, प्रगति और समृद्धि की आशा'
राष्ट्रपति मुइजू ने आने वाले वर्षों में भारत और लोगों के लिए निरंतर शांति, प्रगति और समृद्धि की आशा भी व्यक्त की। राष्ट्रपति मुइजू ने दोनों देशों के बीच सदियों की दोस्ती, आपसी सम्मान और गहरी भावना को रेखांकित किया।
मुइजू ने भारतीय सैनिकों को वापस भेजने का नारा दिया था
हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लक्षद्वीप का दौरा किया था, जिसे लेकर मालदीव के कुछ मंत्रियों ने अपमानजनक टिप्पणियां की थी, जिसके बाद दोनों देशों के बीच राजनयिक गतिरोध और बढ़ गया था वहीं मालदीव में चुनाव के वक्त मुइजू ने भारतीय सैनिकों को वापस भेजने का नारा दिया था और इस मुद्दे को काफी भुनाया भी था।
