Israel Hamas War: हमास और इजराइल के बीच जारी जंग को करीब एक महीना हो रहा है। इस युद्ध में अब तक हजारों लोगों की मौत हो चुकी है। गाजा में माने वालों की संख्या 9770 पहुंच गई है। इसमें 4008 बच्चे और 2550 महिलाएं शामिल हैं। यह युद्ध अभी और भी खतरनाक होता दिख रहा है। इस बीच अमेरिका की एक घोषणा ने दुनिया के कान खड़े कर दिए हैं।
परमाणु पनडुब्बी
दरअसल, अमेरिकी सेना की ओर से घोषणा कर कहा गया है कि ओहियो श्रेणी की एक पनडुब्बी अमेरिकी सेंट्रल कमांड के ऑपरेशनल एरिया में पहुंच गई है। इजराइल-हमास युद्ध के बीच अमेरिका की ओर से की गई यह एक असामान्य घोषणा है। इसकी एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें स्वेज नजर से परमाणु पनडुब्बी को गुजरते हुए दिखाया गया है।
अमेरिका ने क्यों उतारी परमाणु पनडुब्बी
एक रिपोर्ट में कहा गया है कि पश्चिम एशिया में अमेरिकी परमाणु पनडुब्बी की तैनाती का मकसद ईरान और उसके प्रतिनिधियों जैसे क्षेत्रीय विरोधियों के सामने अपनी ताकत का प्रदर्शन करना है, जिससे उन्हें रोका जा सके। सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, पनडुब्बी इस क्षेत्र में पहले से मौजूद अमेरिकी नौसेना के अन्य बेड़े में शामिल हो गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह पनडुब्बी दुश्मन के खिलाफ रणनीतिक भूमिका निभा सकती है।
11 अक्टूबर से गाजा में ब्लैकआउट
उधर, संयुक्त राष्ट्र कार्यालय ने यह भी कहा कि इजरायल द्वारा बिजली और ईंधन आपूर्ति बंद करने के बाद गाजा 11 अक्टूबर से पूरी तरह से बिजली ब्लैकआउट में है। गाजा शहर के अल-शिफा अस्पताल और उत्तरी गाजा के इंडोनेशियाई अस्पताल में मुख्य बिजली जनरेटर ने कथित तौर पर ईंधन की कमी के कारण काम करना बंद कर दिया है। दोनों अस्पताल छोटे जनरेटर संचालित करते हैं, जो सबसे महत्वपूर्ण सेवाओं के लिए दिन में केवल कुछ घंटे बिजली प्रदान करते हैं। जंग शुरू होने के बाद से 35 में से 14 अस्पतालों ने काम करना बंद कर दिया है और गाजा में सभी प्राथमिक देखभाल सुविधाओं में से 51 क्षति या ईंधन की कमी के कारण बंद हो गई हैं।
हमास के पास अभी भी 242 बंदी
इजरायली अधिकारियों के अनुसार, गाजा में 242 लोगों को बंदी बना कर रखा गया है, जिनमें इजरायली और विदेशी नागरिक शामिल हैं। मीडिया रिपोर्टों से संकेत मिलता है कि बंधकों में से लगभग 30 बच्चे हैं। अब तक हमास द्वारा चार नागरिक बंधकों को रिहा कर दिया गया है, और एक महिला सैनिक को इजरायली बलों ने बचाया है। हमास ने दावा किया है कि इजरायली हवाई हमलों में 57 बंधकों की मौत हो गई है। रविवार को, गाजा में कथित तौर पर एक इजरायली सैनिक की मौत हो गई, जिससे जमीनी अभियान शुरू होने के बाद से मारे गए सैनिकों की कुल संख्या 29 हो गई।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
