दुनिया

'यह कटौती विश्वविद्यालय प्रशासन के...', अमेरिका में ट्रंप सरकार के आदेश को कोर्ट ने पलटा

अमेरिका में एक संघीय न्यायाधीश ने ट्रंप प्रशासन को आदेश दिया कि वह हार्वर्ड विश्वविद्यालय में रिसर्च के लिए दिए जाने वाले अनुदान में 2.6 अरब डॉलर से ज्यादा की कटौती के अपने फैसले को वापस लें। पढ़ें इस मामले में जिला जज ने और क्या कुछ कहा?

Image

हार्वर्ड के अनुदान में कटौती के ट्रंप प्रशासन के आदेश को न्यायाधीश ने पलटा (फाइल फोटो : PTI)

Donald Trump Administration: अमेरिका में एक संघीय न्यायाधीश ने ट्रंप प्रशासन को निर्देश दिया कि वह हार्वर्ड विश्वविद्यालय में शोध के लिए दिए जाने वाले अनुदान में 2.6 अरब डॉलर से ज्यादा की कटौती के अपने फैसले को वापस ले। जिला न्यायाधीश एलिसन बरोज ने बुधवार को फैसला सुनाया कि यह कटौती विश्वविद्यालय के प्रशासन और नीतियों में परिवर्तन की ट्रंप प्रशासन की मांग को हार्वर्ड की ओर से अस्वीकार किए जाने पर अवैध प्रतिशोध के तौर पर लागू की गई।

सरकार ने हार्वड के अनुदान में कटौती का कारण यहूदी-विरोधी भावना से निपटने में देरी को बताया था लेकिन न्यायाधीश ने कहा कि विश्वविद्यालय के शोध का यहूदियों के विरुद्ध भेदभाव से कोई संबंध नहीं है। बरोज ने फैसले में लिखा कि प्रशासनिक रिकॉर्ड की समीक्षा करके यह निष्कर्ष निकालना मुश्किल है कि (सरकार ने) देश के प्रमुख विश्वविद्यालयों को निशाना बनाने के लिए यहूदी-विरोधी भावना के इस्तेमाल के अलावा अन्य कोई कारण है।

विश्वविद्यालय के विरुद्ध प्रतिशोधात्मक अभियान चलाने का आरोप

उन्होंने लिखा कि देश को यहूदी-विरोध से लड़ना होगा, लेकिन साथ ही उसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार की भी रक्षा करनी होगी।

मुकदमा दायर कर ट्रंप प्रशासन पर विश्वविद्यालय के विरुद्ध प्रतिशोधात्मक अभियान चलाने का आरोप लगाया गया था। हार्वर्ड ने कहा था कि प्रशासन ने ऐसा इसलिए किया क्योंकि विश्वविद्यालय ने संघीय यहूदी-विरोधी कार्यबल के 11 अप्रैल के पत्र में अनेक मांगों को अस्वीकार कर दिया था।

इस साल की गई थी कटौती

पत्र में विश्वविद्यालय के अंदर विरोध प्रदर्शनों और शिक्षा व दाखिले से संबंधित व्यापक बदलावों की मांग की गई थी। इस पत्र का उद्देश्य सरकार के इन आरोपों से निपटना था कि विश्वविद्यालय उदारवाद का केंद्र बन गया है और परिसर में यहूदी-विरोधी उत्पीड़न को बर्दाश्त किया जा रहा है। ट्रंप प्रशासन की मांगों को अस्वीकार करने के बाद इस साल 14 अप्रैल को हार्वर्ड विश्वविद्यालय के संघीय अनुदान में कटौती कर दी गई थी।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article