Israeli Airstrike On Gaza: गाजा में हवाई हमलों के साथ-साथ इजरायल की सेना जमीनी हमले भी कर रही है। इस बीच न्यूज चैनल अल जजीरा ने बुधवार को दावा किया कि गाजा सिटी के घनी आबादी वाले जबालिया राहत-शिविर पर इजरायल के हवाई हमलों में उसके स्टाफर मोहम्मद अबू अल-कुस्मान के 19 परिजन मारे गए। चैनल का कहना है कि शरणार्थी शिविर पर इजरायल का यह हवाई हमला मंगलवार को हुआ। बताया जाता है कि इजरायल के इस हमले में हमास का एक कमांडर और कम से कम 50 फिलिस्तीनी मारे गए।
शरणार्थी शिविर पर इजरायल का हवाई हमला
हमले के एक दिन बाद सोशल मीडिया पर अल जजीरा ने कहा कि 'वह इस हमले की निंदा करता है। इस हमले में एसएनजी इंजीनियर मोहम्मद अबू अल-कुसमान के परिवार के 19 लोग मारे गए हैं।' रिपोर्टों के मुताबिक इजरायली सेना ने मंगलवार को किए गए हवाई हमलों में गाजा शहर के समीप एक शरणार्थी शिविर के अपार्टमेंट इमारतों को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान सामने आई फुटेज में बचावकर्मी पुरुषों, महिलाओं और बच्चों को मलबे से बाहर निकालते हुए दिखे।
सुरंगों को नष्ट किया
इजरायल ने कहा कि हमले में घरों में स्थापित हमास के कमांड सेंटर और नीचे फैले सुरंगों के नेटवर्क को नष्ट कर दिया गया। जबालिया शिविर पर हुए हमले में मृतकों की तत्काल जानकारी साझा नहीं की गई है। वहीं, इजरायली सेना ने कहा कि उत्तरी गाजा में हमास के अभियानों की देखरेख करने वाले कमांडर सहित बड़ी संख्या में आतंकवादी मारे गए। हमले में घायल लोगों को करीब के अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल के निदेशक डॉ अतेफ एल-कहलोत ने कहा कि सैंकड़ों की संख्या में लोग मारे गए या घायल हुए हैं लेकिन आंकड़ों की स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा सकती।
हमास के पास दो ही रास्त-आईडीएफ
बता दें कि इजरायल की जमीनी सेना गाजा में दाखिल हो चुकी है और टैंकों एवं बख्तरबंद गाड़ियों के साथ धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। आईडीएफ की योजना उत्तरी गाजा का तीन तरफ से घेरेबंदी कर उसे पूरी तरह से अलग-थलग कर देना है, ताकि हमास के आतंकियों को किसी तरह की मदद नहीं मिल पाए। आईडीएफ ने स्पष्ट कर दिया है कि आतंकियों के पास अब केवल दो रास्ते बचे हैं। पहला या तो वे लड़ते हुए मारे जाएं या बिना शर्त हथियार डाल दें।
