Ajit Doval Russia Visit: राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने रूस की राजधानी मॉस्को में रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच रक्षा, ऊर्जा, अंतरिक्ष और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब पश्चिम एशिया में तनाव लगातार बढ़ रहा है और दुनिया के कई बड़े व्यापारिक समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। इसके अलावा दुनिया में तेजी से बदल रहे राजनीतिक माहौल और बहुध्रुवीय व्यवस्था को लेकर भी कई देशों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है।
रूस के सुरक्षा प्रमुख सर्गेई शोइगु से भी की बैठक
अजीत डोभाल बुधवार को मॉस्को पहुंचे थे। वहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मंच और सुरक्षा मामलों के उच्च प्रतिनिधियों की 14वीं बैठक में हिस्सा लिया। इस मंच पर दुनिया के कई देशों के सुरक्षा अधिकारियों ने वैश्विक चुनौतियों पर चर्चा की। मॉस्को दौरे (India Russia Relations) के दौरान डोभाल ने रूस के सुरक्षा प्रमुख सर्गेई शोइगु से भी अलग से मुलाकात की। दोनों नेताओं ने सुरक्षा सहयोग और अंतरराष्ट्रीय हालात पर बातचीत की।
रूस के राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र का भी दौरा
रूस के सरकारी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, डोभाल ने रूस के राष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र का भी दौरा किया। यहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर मौजूद रूसी अंतरिक्ष यात्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बातचीत की। भारत और रूस के बीच अंतरिक्ष क्षेत्र में कई दशकों से सहयोग रहा है। साल 1984 में राकेश शर्मा सोवियत संघ के मिशन के जरिए अंतरिक्ष में जाने वाले पहले भारतीय बने थे। सुरक्षा मंच को संबोधित करते हुए डोभाल ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में किसी भी तरह का दोहरा मापदंड नहीं होना चाहिए।
पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य और लाल सागर जैसे अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर व्यापार की सुरक्षित और बिना रुकावट आवाजाही सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है। उनका कहना था कि वैश्विक व्यापार और आर्थिक स्थिरता के लिए इन समुद्री रास्तों की सुरक्षा बहुत महत्वपूर्ण है।
